‘सुनो-सुनो-सुनो, 1 जुलाई से लागू होने जा रहा है…’ SDOP ने गांव में ढोल बजवाकर दी नए कानून की जानकारी…..

ग्वालियर // ( शिखर दर्शन ) // 1 जुलाई से देशभर में नए कानून लागू होने वाले हैं, और ग्वालियर के देहात क्षेत्र में इसे लेकर एक खास पहल की गई है। SDOP संतोष पटेल ने लोगों को इन कानूनों के बारे में जागरूक करने के लिए एक अनोखा तरीका अपनाया है। उन्होंने हस्तिनापुर गांव के कोटवार और चौकीदार को गांव में मुनादी करवाने के लिए भेजा, ताकि लोग नए कानून के बारे में जान सकें।
गांव के कोटवार और चौकीदार ने मिलकर साइकिल पर घूम-घूमकर लोगों को नए कानून की जानकारी दी और उन्हें थाने में आयोजित होने वाले जश्न में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया। SDOP संतोष पटेल ने बताया कि नए कानूनों के लागू होने के लिए थाना स्तर पर व्यापक तैयारियां की गई हैं, ताकि लोग इन कानूनों के बारे में जागरूक हो सकें और उन्हें अच्छी तरह समझ सकें।
संतोष पटेल ने कहा कि इस अवसर पर कल हस्तिनापुर थाने में एक बड़ा आयोजन किया जाएगा। इस आयोजन के लिए गांव के कोटवार और चौकीदार को लोगों को थाने में आमंत्रित करने के लिए भेजा गया है। उनका यह कदम सोशल मीडिया पर खूब सराहा जा रहा है।
