केंद्रीय मंत्री बनने के बाद शिवराज का मध्यप्रदेश आगमन , आगरा , मुरैना, ग्वालियर और बीना स्टेशन पर हुआ भव्य स्वागत , कार्यकर्ताओं ने पहनाई गुलाबी माला

भोपाल// ( शिखर दर्शन ) // मोदी कैबिनेट में शामिल होने के बाद मध्य प्रदेश के केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान आज पहली बार भोपाल आ रहे हैं। उन्होंने शताब्दी एक्सप्रेस से भोपाल की यात्रा शुरू की है। रेलवे स्टेशन पर उनका विशेष स्वागत किया जा रहा है। अगरा और मुरैना में भी उनका भव्य स्वागत किया गया। ग्वालियर रेलवे स्टेशन पर नवनिर्वाचित सांसद भारत सिंह कुशवाह के नेतृत्व में बीजेपी के कार्यकर्ताओं ने उन्हें गुलाबी माला देकर स्वागत किया और जमकर नारेबाजी की।
बीना में भी हजारों कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। पूर्व जनपद अध्यक्ष प्रेमनानारायण तिवारी और उनके साथी कार्यकर्ताओं ने बीना जंक्शन पर विशेष स्वागत किया। वहां पर एकत्र होकर उनके समर्थन में ‘मामा जी तुम राज करो, हम तुम्हारे साथ हैं’ और ‘आंधी नहीं तूफान है, शिवराज सिंह चौहान है’ के नारे गूंज रहे थे।
इसी बीच, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्रीय मंत्रिपरिषद के सभी सदस्यों का अभिनंदन भी आज भाजपा प्रदेश कार्यालय में किया जाएगा। मध्य प्रदेश के सभी छह केंद्रीय मंत्रियों शिवराज सिंह चौहान, ज्योतिरादित्य सिंधिया, डॉ. वीरेंद्र कुमार, दुर्गादास उईके, सावित्री ठाकुर और एल. मुरूगन को पार्टी के वरिष्ठ नेतृत्व द्वारा सम्मानित किया जाएगा।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा, प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद के साथ प्रदेश कोर ग्रुप के सदस्य, प्रदेश शासन के मंत्री, प्रदेश पदाधिकारी, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य, सांसद, विधायक और जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहेंगे।
