स्कूल खुलने में बस दो दिन बाकी, 18 से होगी कक्षाओं की शुरुआत

रायपुर: सरकारी स्कूलों में ग्रीष्मावकाश 18 जून को होगा समाप्त, तैयारियों को लेकर दिशा-निर्देश जारी
रायपुर//( शिखर दर्शन ) // भीषण गर्मी के चलते सरकारी स्कूलों का ग्रीष्मकालीन अवकाश इस साल 30 अप्रैल के बजाय 10 दिन पहले, यानी 20 अप्रैल से ही शुरू हो गया था। अवकाश 15 जून तक रहा, जबकि 16 जून को रविवार और 17 जून को बकरीद का त्यौहार होने के कारण स्कूल 18 जून को खुलेंगे। इसी के साथ ही बच्चों और शिक्षकों को स्कूल जाना पड़ेगा।
सरकारी स्कूलों में 18 जून से शाला प्रवेशोत्सव भी शुरू होगा। स्कूल शिक्षा विभाग ने प्रधानपाठकों और प्राचार्यों को आवश्यक तैयारी करने के निर्देश पहले ही जारी कर दिए हैं। कलेक्टर ने भी जिले के प्राचार्यों के साथ बैठक करके जरूरी दिशा-निर्देश दिए हैं।
स्कूल खुलने के साथ ही बच्चों और शिक्षकों को स्कूल पहुंचना होगा। विभाग ने नए शैक्षणिक सत्र के लिए वार्षिक कैलेंडर और अध्यापन समय-सारिणी जारी कर दी है, जिसमें पूरे साल की गतिविधियों का समय निर्धारित किया गया है।
सरकारी स्कूलों में एक पाली का समय सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक और दो पाली वाले स्कूलों में पहली पाली का समय सुबह 7:30 बजे से 11:30 बजे तक और दूसरी पाली का समय दोपहर 12 बजे से शाम 5 बजे तक रहेगा।

18 जून को स्कूल खुलने के साथ ही शाला प्रवेशोत्सव मनाया जाएगा और प्राथमिक एवं मिडिल स्कूल के बच्चों को निःशुल्क पाठ्य पुस्तकें और गणवेश का वितरण भी किया जाएगा।
जर्जर स्कूल नहीं सुधरे, उन्हीं में लगेगी कक्षाएं
सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों को इस बार भी जर्जर स्कूल भवनों में ही पढ़ाई करनी पड़ेगी। नया शिक्षा सत्र मंगलवार से शुरू हो रहा है, लेकिन अभी तक कई सरकारी स्कूलों की दयनीय स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ है। प्रदेश के कई जिलों में अभी भी कई स्कूल भवन जर्जर हालत में हैं, जहां 18 जून से कक्षाएं शुरू की जाएंगी।
ग्रीष्मकालीन अवकाश बढ़ने की अफवाह निकली झूठी
मानसून के रुक जाने के कारण बारिश नहीं हो रही है, जिससे ग्रीष्मकालीन अवकाश बढ़ाने की खबरें चल रही थीं। हालांकि, यह अफवाह मात्र साबित हुई है। सरकार ने इस संबंध में कोई नया आदेश जारी नहीं किया है। सरकारी और निजी स्कूल 18 जून से ही खुलेंगे। वहीं, शहर के कुछ निजी स्कूलों ने 20 जून से बच्चों को बुलाने की योजना बनाई है।
