जैतखाम तोड़फोड़ प्रकरण: उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने की न्यायिक जांच की घोषणा, दोषियों पर होगी कठोर कार्रवाई

रायपुर. छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने आज गिरौदपुरी धाम में सतनामी समाज के धार्मिक स्थल के जैतखाम में हाल ही में हुई तोड़फोड़ के मामले में न्यायिक जांच की घोषणा की है। सतनामी समाज के विभिन्न संगठनों और प्रतिनिधियों की मांग पर, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के निर्देशानुसार, उपमुख्यमंत्री ने इस मामले में न्यायिक जांच का आदेश दिया है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
उपमुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि प्रदेश में सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने वाली किसी भी घटना को सहन नहीं किया जाएगा और दोषियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी से सामाजिक सौहार्द्र बनाए रखने की अपील भी की है।
गौरतलब है कि 15-16 मई की रात को गिरौदपुरी धाम के पवित्र अमरगुफा के पास स्थित पूजनीय जैतखाम में असमाजिक तत्वों ने तोड़फोड़ की थी। इस घटना के बाद सतनामी समाज ने सभी जिलों में कलेक्ट्रेट का घेराव करते हुए उचित कार्रवाई ना करने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी थी।
