“CM का दावा: विकास के लिए धन की कोई कमी नहीं, कांग्रेस पर झूठ की फैक्ट्री होने का आरोप, जनता नहीं आएगी बहकावे में”

रायपुर // ( शिखर दर्शन ) // छत्तीसगढ़ के लोगों से किए गए सभी वादों को पूरा करने के लिए हमें बहुत सारा राजस्व चाहिए, लेकिन उसकी व्यवस्था हम कर लेंगे। छत्तीसगढ़ को भगवान ने बहुत फुर्सत में बनाया है। यहां खनिज संपदा, वनोपज और उर्वरक भूमि भरपूर है, और मेहनतकश किसान हैं। हम सभी मिलकर इतने संसाधन जुटा लेंगे कि मोदी की गारंटी के तहत किए गए सभी वादों को पूरा करने में कोई दिक्कत नहीं होगी।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने एक साक्षात्कार में यह बातें कही।

2014 में भाजपा के “सबका साथ-सबका विकास” और 2023 में “मोदी की गारंटी” स्लोगन की शुरुआत छत्तीसगढ़ से हुई। इसे राष्ट्रीय भाजपा का स्लोगन बनने पर साय ने कहा कि यह छत्तीसगढ़ का सौभाग्य है कि जो कैंपेन यहां से शुरू होते हैं, उसे देश की जनता तुरंत स्वीकार कर लेती है।
कांग्रेस द्वारा महिलाओं को सालाना एक लाख रुपए देने के वादे पर सीएम साय ने कहा कि 2018 में कांग्रेस ने जनता से बड़े-बड़े वादे करके छत्तीसगढ़ में अपनी सरकार बनाई थी, लेकिन पांच साल के शासन के बावजूद उन्होंने एक भी वादा पूरा नहीं किया। कांग्रेस छत्तीसगढ़ की जनता का विश्वास पूरी तरह खो चुकी है। एक लाख की बात करें या पांच लाख की, अब यहां की जनता उनके किसी भी बहकावे में नहीं आने वाली है।



