30 मार्च श्री महाकाल भस्म आरती श्रृंगार दर्शन : घर बैठे करिए महाकाल के दर्शन !
उज्जैन /(शिखर दर्शन)// मध्य प्रदेश के उज्जैन स्थित विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर के पट सुबह 4:00 बजे खोले गए । सबसे पहले भगवान महाकाल का पवित्र गंगा जल से अभिषेक किया गया । इसके बाद दूध ,दही ,घी ,शहद और फलों के रस से बने पंचामृत से अभिषेक पूजन किया गया । श्री महाकाल को भस्म चढ़ाई गई ।
भांग ,चंदन और त्रिपुंड अर्पित कर दिव्य श्रृंगार किया गया । श्री महाकाल ने शेष नाग का रजत मुकुट ,रजत मुंड की माला और रुद्राक्ष की माला के साथ सुगंधित फूलों और ताल मखाने की माला धारण की । बाबा को अवंतिका नगरी की प्रसिद्ध मिठाइयों का भोग लगाया गया ।
सुबह ब्रह्ममुहूर्त में ही सभी श्रद्धालुगण अति उत्साह पूर्वक बाबा महाकाल की भस्म आरती में शामिल हुए , सभी ने भस्म आरती श्रृंगार दर्शन कर आत्मिक आनंद प्राप्त किया ।

कुछ श्रद्धालु परंपरा के अनुसार बाबा के अत्यंत करीब रहने वाले नंदी के पास जाकर उनके कान में अपनी मनोकामनाएं बोल कर बाबा महाकाल तक पहुंचाने की विनती कर रहे थे । श्री महाकालेश्वर मंदिर की दसों दिशाएं श्रद्धालुओं के द्वारा लगाए जा रहे जयकारों “जय जय श्री महाकाल”, “हर हर महादेव”, “हर हर शंभू”, “ॐ नमः शिवाय” से गुंजयमान हो रही थी ।
