Breaking news : श्री महाकाल मंदिर के गर्भ गृह में लगी आग…. भस्म आरती के दौरान हुआ हादसा , पुजारी सहित 13 लोग झूलसे !

उज्जैन //(शिखर दर्शन)// श्री महाकालेश्वर मंदिर उज्जैन में आज सुबह एक बड़ा हादसा होने की खबर सामने आ रही है ।बताया जा रहा है की होली के दिन महाकाल मंदिर में भस्म आरती के दौरान मंदिर के गर्भ गृह में आग भड़क उठी । जिसके कारण पुजारी सहित 13 लोग झुलस गए ।
12 ज्योतिर्लिंगों में से एक उज्जैन के श्री महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग मंदिर में रंगों के त्यौहार की सुबह भस्म आरती के दौरान अचानक आग लग गई । पुजारी सहित 13 लोग झुलस गए । बताया जा रहा है की आरती के दौरान गुलाल उड़ाने की परंपरा के दौरान आग भड़क उठी मंदिर में उस समय हजारों श्रद्धालु मौजूद थे । सभी महाकाल के साथ रंग-बिरंगे गुलाल उड़ा कर होली मना रहे थे ।
आग से घायल हुए एक सहायक पुजारी ने बताया कि आरती कर रहे पुजारी संजीव जी पर पीछे से किसी ने गुलाल डाल दिया , गुलाल दीपक पर गिरा । उन्होंने कहा कि हो सकता है कि गुलाल में केमिकल रहा हो जिसकी वजह से आग भड़क गई हो । इधर रंग-बिरंगे गुलाल से गर्भ गृह की चांदी की दीवार को बचाने के लिए वहां फ्लेक्स भी लगाए गए थे , इनमें भी आग लग गई ।
मंदिर में मौजूद भक्तों एवं श्रद्धालुओं ने तत्परता दिखाते हुए अग्निशमन यंत्र का उपयोग कर आग को समय रहते काबू कर लिया था । लेकिन तब तक गर्भ गृह में मौजूद आरती कर रहे संजीव पुजारी , विकास पुजारी ,मनोज सेवादारी ,आनंद कमल जोशी सहित 13 लोग झुलस गए । उज्जैन कलेक्टर नीरज सिंह ने बताया कि मामले की जांच करने के आदेश दे दिए गए हैं । जिसके लिए एक जांच कमेटी गठित की जा रही है । वही कमेटी आज हुए हादसे की विस्तृत जांच करेगी और आग लगने के कारणों का पता लगाएगी ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति ना हो ।
