दसवीं बोर्ड परीक्षा का पहला पेपर आज

भोपाल /(शिखर दर्शन)// मध्य प्रदेश में आज 5 फरवरी से दसवीं बोर्ड परीक्षा शुरू हो गई है । पहले दिन हिंदी विषय की परीक्षा हो रही है । इस साल दसवीं बोर्ड परीक्षा के लिए 3868 केंद्र बनाए गए हैं । इन केंद्रों में प्रदेश भर के 9.92 लाख अभ्यर्थी दसवीं बोर्ड परीक्षा दे सकेंगे ।परीक्षा सुबह 9:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक होगी ।
इधर बोर्ड परीक्षाओं में नकल रोकने के लिए सख्त इंतजाम भी किए गए हैं । मध्य प्रदेश माध्यमिक शिक्षा मंडल ने इस बार सख्ती बरतते हुए कई नियमों में बदलाव भी किए हैं । मध्य प्रदेश बोर्ड की नई गाइडलाइन के मुताबिक इस बार परीक्षा केंद्र अध्यक्ष भी अपने पास मोबाइल नहीं रख सकेंगे । बोर्ड परीक्षाएं साइबर सेल की निगरानी में संपन्न होंगी ।
प्रश्न पत्र का पैकेट परीक्षा केंद्र में ही खोला जाएगा । परीक्षा कंट्रोल रूम में इस साल लोक शिक्षण संचालनालय के अधिकारी भी तैनात रहेंगे । इस बार पेपर वितरण प्रक्रिया में भी बदलाव किया गया।है । प्रश्न पत्र को थाने से परीक्षा केंद्रों तक सुरक्षित पहुंचाने के लिए कलेक्टर प्रतिनिधि नियुक्त करेंगे ।
10 लाख तक जुर्माने के साथ 10 साल की सजा का प्रावधान :
बोर्ड परीक्षा के दौरान पेपर की गोपनीयता भंग करने पर 10 लख रुपए तक जुर्माना लगेगा साथ ही 10 साल की सजा का भी प्रावधान रखा गया है । स्पेशल टीम का भी गठन किया गया है ।
एडमिट कार्ड में क्यूआर कोड :
बोर्ड परीक्षाओं में नकल को रोकने के लिए माध्यमिक शिक्षा मंडल ने इस बार एडमिट कार्ड में क्यूआर कोड लगाए हैं । इसे स्कैन करते ही छात्र का नाम फोटो माता-पिता व स्कूल का नाम पंजीयन नंबर सहित पूरी की पूरी जानकारी सामने आ जाएगी । इसके ज़रिए फर्जी परीक्षार्थियों की पहचान भी की जा सकेगी ।
विद्यार्थी रखें इन बातों का ध्यान :
छात्रों को परीक्षा शुरू होने से आधा घंटा पहले केंद्र में पहुंचना होगा । नई गाइडलाइन के मुताबिक 32 पेज की मुख्य विषय की कॉपी मिलेगी यानी छात्रों को एक्स्ट्रा सीट (सप्लीमेंट्री सीट) नहीं मिलेगी वोकेशनल और संस्कृत विषय के लिए 20 पेज की ही कॉपी दी जाएगी । जबकि प्रायोगिक परीक्षाओं में दसवीं के छात्रों को आठ और 12वीं के छात्रों को 12 पन्नों की कॉपी मिलेगी ।
