पुलिस टीम पर हमला: शराब तस्करों को पकड़ने गई टीम पर भीड़ ने किया वार, TI समेत कई घायल

महासमुंद के पचारी गांव में गिरफ्तारी के दौरान बवाल, 10 लोग हिरासत में
महासमुंद (शिखर दर्शन) //
छत्तीसगढ़ के Mahasamund जिले के पचारी गांव में उस समय माहौल बिगड़ गया जब पुलिस फरार आरोपियों को पकड़ने पहुंची टीम पर अचानक हमला हो गया।
जानकारी के मुताबिक, आबकारी मामले में वांछित आरोपियों की तलाश में पहुंची Chhattisgarh Police की टीम ने जैसे ही आरोपियों को पकड़कर वाहन में बैठाने की कोशिश की, उन्होंने विरोध शुरू कर दिया।
देखते ही देखते आरोपियों ने अपने परिजनों और आसपास के लोगों को इकट्ठा कर लिया, जिसके बाद भीड़ ने लाठी-डंडों और पत्थरों से पुलिस टीम पर हमला कर दिया। इस हमले में थाना प्रभारी सहित कई पुलिसकर्मी घायल हो गए।
हमले के दौरान पुलिस वाहनों को भी निशाना बनाया गया और उनमें तोड़फोड़ की गई। हालात बिगड़ते देख मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
इसके बावजूद पुलिस टीम ने हालात पर काबू पाते हुए दोनों मुख्य आरोपियों को सुरक्षित थाना पहुंचाया। बाद में अतिरिक्त बल की मदद से स्थिति को नियंत्रित किया गया।
इस मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 10 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।



