वेल्डिंग के दौरान भड़की आग, राइस मिल में झुलसे मजदूर; एक की हालत गंभीर

जूटमिल थाना क्षेत्र में हादसा, 90% झुलसे श्रमिक को रायपुर रेफर; सुरक्षा लापरवाही पर सवाल
रायगढ़ (शिखर दर्शन) // छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के जूटमिल थाना क्षेत्र स्थित एक राइस मिल में रविवार को बड़ा हादसा हो गया। वेल्डिंग के दौरान अचानक आग लगने से दो मजदूर झुलस गए, जिनमें एक की हालत बेहद गंभीर बताई जा रही है। गंभीर रूप से घायल श्रमिक को बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार, उत्तर प्रदेश के बरेली निवासी मोहम्मद तासिम (28) लंबे समय से रायगढ़ में रहकर सावित्री राइस मिल में काम कर रहा था। वह अपने परिवार और ठेकेदार मोहम्मद शाहीद के साथ मिल में कार्यरत था। रविवार दोपहर मिल की मशीन में साइक्लोन जाम होने के कारण उसे ठीक करने के लिए वेल्डिंग का काम किया जा रहा था।
इसी दौरान मशीन के नीचे जमा सूखा भूसा अचानक आग की चपेट में आ गया। आग ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया और वहां मौजूद दोनों मजदूर इसकी चपेट में आ गए।
- मोहम्मद तासिम करीब 90% तक झुलस गया, हालत गंभीर
- मोहम्मद शाहीद को मामूली चोटें, इलाज के बाद छुट्टी
घटना के बाद मिल परिसर में अफरा-तफरी मच गई। कर्मचारियों ने किसी तरह आग पर काबू पाया और घायलों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने तासिम की गंभीर स्थिति को देखते हुए रायपुर रेफर कर दिया।
पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है। प्रारंभिक तौर पर वेल्डिंग के दौरान सुरक्षा उपायों की अनदेखी और ज्वलनशील पदार्थों की मौजूदगी को हादसे की बड़ी वजह माना जा रहा है।
स्थानीय लोगों ने भी राइस मिलों में सुरक्षा मानकों की अनदेखी पर चिंता जताई है। फिलहाल पुलिस यह जांच कर रही है कि मिल प्रबंधन द्वारा आवश्यक सुरक्षा नियमों का पालन किया गया था या नहीं।



