चोर पकड़ने के बाद भी नहीं पहुंची पुलिस, लोगों ने जताई नाराजगी

20-25 कॉल के बाद मिला जवाब- “खुद पकड़कर थाने लाओ”
बिलासपुर (शिखर दर्शन) // शहर के तिफरा इलाके में बजरंग होटल के पास एक चोर को स्थानीय लोगों ने रंगे हाथ पकड़ लिया। बताया जा रहा है कि चोर अपने कुछ साथियों के साथ था, जिनमें महिलाएं भी शामिल थीं, लेकिन पकड़ते ही बाकी आरोपी मौके से फरार हो गए।
चोर को पकड़ने के बाद स्थानीय लोगों ने थाना सिरगिट्टी पुलिस को सूचना देने के लिए लगातार 20 से 25 बार फोन किया, लेकिन शुरुआत में पुलिस ने कॉल ही रिसीव नहीं किया। काफी देर बाद जब फोन उठाया गया तो पुलिस का जवाब सुनकर लोग हैरान रह गए।
बताया जा रहा है कि पुलिस ने मौके पर आने से साफ इनकार करते हुए कहा कि “हम चोर को पकड़ने नहीं आ सकते, तुम लोग खुद उसे पकड़कर थाने ले आओ।”
इस घटना के बाद पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। लोगों का कहना है कि जब पुलिस ही मौके पर आने से मना कर दे, तो आम जनता की सुरक्षा कैसे सुनिश्चित होगी।
यह मामला अब इलाके में चर्चा का विषय बन गया है और पुलिस की उदासीनता को लेकर लोगों में भारी नाराजगी देखी जा रही है।



