25 दिन से गैस नहीं: नाराज ग्रामीणों ने किया चक्काजाम, सड़क पर थमे पहिए

इंडेन गैस एजेंसी के खिलाफ फूटा गुस्सा, आरंग-खरोरा मार्ग पर लगा लंबा जाम
रायपुर / आरंग (शिखर दर्शन) // गैस सिलेंडर नहीं मिलने से परेशान ग्रामीणों का गुस्सा आखिरकार सड़क पर फूट पड़ा। आरंग क्षेत्र में इंडेन गैस एजेंसी के खिलाफ लोगों ने रविवार को आरंग-खरोरा मुख्य मार्ग पर चक्काजाम कर दिया, जिससे यातायात पूरी तरह ठप हो गया।
जानकारी के अनुसार, क्षेत्र के लोग पिछले करीब 25 दिनों से घरेलू गैस सिलेंडर के लिए परेशान हैं। गिरिज इंडेन गैस एजेंसी से 12 अप्रैल को गैस मिलने की सूचना दी गई थी, जिसके बाद सुबह से ही बड़ी संख्या में लोग सिलेंडर लेने पहुंच गए।
धूप में घंटों खड़े रहे लोग
कड़ी धूप के बीच ग्रामीण घंटों लाइन में लगे रहे, लेकिन बाद में उन्हें बताया गया कि गैस सिलेंडर नहीं आ रहा है। इस सूचना के बाद लोगों का गुस्सा भड़क उठा।
सड़क पर उतरे ग्रामीण, लगाया जाम
आक्रोशित लोगों ने आरंग-खरोरा मुख्य मार्ग पर चक्काजाम कर दिया, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात पूरी तरह बाधित हो गया।
प्रशासन ने संभाला मोर्चा
चक्काजाम की सूचना मिलते ही पुलिस और नायब तहसीलदार मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाइश देकर किसी तरह स्थिति को नियंत्रित किया और जाम खुलवाया।
ग्रामीणों का आरोप है कि गैस एजेंसी की लापरवाही के कारण उन्हें लगातार परेशानी झेलनी पड़ रही है। उन्होंने प्रशासन से जल्द समाधान की मांग की है।



