मंत्री छगन भुजबल हवाई हादसे में बाल-बाल बचे, पार्किंग में उतरा हेलीकॉप्टर

पुणे में पायलट की बड़ी चूक, हेलीपैड की जगह कार पार्किंग में कराई लैंडिंग
पुणे (शिखर दर्शन) // महाराष्ट्र के मंत्री छगन भुजबल एक बड़े हवाई हादसे का शिकार होने से बाल-बाल बच गए। पुणे जिले के पुरंदर इलाके में उनका हेलीकॉप्टर तय हेलीपैड के बजाय कार पार्किंग क्षेत्र में उतार दिया गया।
जानकारी के मुताबिक, यह घटना पायलट की गलती के कारण हुई। हेलीकॉप्टर को सुरक्षित हेलीपैड पर उतरना था, लेकिन पायलट ने पार्किंग एरिया को ही हेलीपैड समझ लिया और वहीं लैंडिंग करा दी।
गनीमत रही कि इस दौरान कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ और न ही किसी को चोट आई। हालांकि, अचानक पार्किंग में हेलीकॉप्टर उतरते ही मौके पर मौजूद पुलिस और प्रशासन के बीच अफरा-तफरी मच गई।
बताया जा रहा है कि छगन भुजबल मुंबई से पुणे एक कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। वे पुरंदर तालुका के खानवाड़ी गांव में महात्मा ज्योतिराव फुले की जयंती पर आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे।
प्रशासन ने उनकी लैंडिंग के लिए अलग से हेलीपैड तैयार किया था, लेकिन नीचे आते समय पायलट को कार पार्किंग में खाली जगह दिखाई दी, जिसे उसने हेलीपैड समझ लिया। इसी भ्रम के चलते यह बड़ी चूक हो गई।
इस घटना को सुरक्षा में गंभीर लापरवाही माना जा रहा है। मामले को लेकर उच्च स्तरीय जांच के आदेश दे दिए गए हैं। फिलहाल मंत्री भुजबल की ओर से इस पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।



