रायपुर संभाग

इनोवा में घूम-घूमकर चेन चोरी करने वाला गिरोह पकड़ा

अंतर्राज्यीय महिला गैंग का भंडाफोड़, 7 महिलाएं समेत 8 आरोपी गिरफ्तार

रायपुर ( शिखर दर्शन ) // राजधानी रायपुर में भीड़भाड़ वाले इलाकों में सोने की चेन चोरी करने वाले अंतर्राज्यीय गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। डीडी नगर थाना पुलिस ने 7 महिलाओं और 1 पुरुष को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपी आपस में रिश्तेदार बताए जा रहे हैं और मध्यप्रदेश के इंदौर तथा महाराष्ट्र के जलगांव के निवासी हैं।

पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ है कि गिरोह ने रायपुर शहर में करीब एक दर्जन चेन स्नेचिंग की वारदातों को अंजाम दिया है। चोरी किए गए गहनों को बेचकर ही आरोपियों ने एक इनोवा कार खरीदी थी, जिसका उपयोग वे अलग-अलग राज्यों में वारदात करने के लिए करते थे। यह गिरोह छत्तीसगढ़ के अलावा गुजरात, महाराष्ट्र और मध्यप्रदेश में भी सक्रिय था।

मामले का खुलासा उस वक्त हुआ जब रायपुर निवासी तरूणेन्द्र वर्मा ने डीडी नगर थाने में शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि उनकी 66 वर्षीय मां निर्मला वर्मा चंगोराभाठा बाजार से सब्जी खरीदकर लौट रही थीं, तभी भीड़ का फायदा उठाकर अज्ञात महिला ने उनके गले से सोने की चेन पार कर दी।

शिकायत के बाद पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिसमें कुछ संदिग्ध महिलाएं पीड़िता के आसपास घूमती नजर आईं। फुटेज में चोरी की घटना भी कैद हो गई। जांच में सामने आया कि आरोपी एक कार का इस्तेमाल कर रहे हैं।

एंटी क्राइम एवं साइबर यूनिट की टीम ने 15 ट्रैप पार्टियां बनाकर आरोपियों की तलाश शुरू की। सूचना मिलने पर भाठागांव बस स्टैंड के पास घेराबंदी कर संदिग्ध इनोवा कार को पकड़ा गया। कार में सवार 7 महिलाएं और 1 पुरुष को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें उन्होंने अपना जुर्म कबूल कर लिया।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 10,500 रुपये नगद, एक सोने की चेन, एक कटर, चार मोबाइल फोन और इनोवा कार जब्त की है।

गिरफ्तार आरोपियों में संध्या सकटे, सोनिया हातागले, उज्वाला हातागले, साखराबाई सकटे, ज्योति सकटे, सरिता ज्वरे, सपना हातागले और अभय हातागले शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक गिरोह शहर के सरस्वती नगर, खमतराई, कोतवाली, गोलबाजार और डीडी नगर थाना क्षेत्रों में कई वारदातों को अंजाम दे चुका है। फिलहाल मामले की जांच जारी है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!