प्रदेश में बढ़ेगा तापमान, तीन संभागों में ज्यादा असर

रायपुर, बिलासपुर और दुर्ग में 42°C के पार जा सकता है पारा
रायपुर ( शिखर दर्शन ) // छत्तीसगढ़ में मौसम शुष्क रहने के साथ आने वाले दिनों में तापमान बढ़ने के संकेत हैं। मौसम विभाग के अनुसार अगले 2 से 4 दिनों में अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक रह सकता है, जिससे गर्मी का असर तेज होगा।
इन संभागों में ज्यादा पड़ेगा असर
मौसम विभाग ने बताया है कि रायपुर, बिलासपुर और दुर्ग संभागों में गर्मी का असर सबसे ज्यादा देखने को मिलेगा। इन क्षेत्रों में दिन का तापमान 42 डिग्री सेल्सियस से अधिक पहुंचने की संभावना जताई गई है।
बीते 24 घंटे का तापमान
पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश दर्ज की गई। वहीं अधिकतम तापमान राजनांदगांव में 39.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान अंबिकापुर में 15.8 डिग्री सेल्सियस रहा।
सक्रिय है उत्तर-दक्षिण द्रोणिका
मौसम विभाग के अनुसार मध्य ओडिशा से दक्षिण छत्तीसगढ़, तेलंगाना, रायलसीमा और तमिलनाडु के आंतरिक हिस्सों से होते हुए मन्नार की खाड़ी तक उत्तर-दक्षिण द्रोणिका सक्रिय है, जिसका असर मौसम पर देखा जा रहा है।
रायपुर का मौसम
राजधानी रायपुर में आज आसमान साफ रहने की संभावना है। अधिकतम तापमान करीब 38 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।
मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर के समय तेज धूप से बचने और आवश्यक सावधानी बरतने की सलाह दी है।



