दुर्ग संभाग

5 साल की मासूम से दुष्कर्म की पुष्टि

आक्रोशित भीड़ ने थाने का घेराव किया, आरोपी को फांसी देने की मांग

दुर्ग ( शिखर दर्शन ) // दुर्ग जिले में 5 साल की बच्ची के साथ दुष्कर्म की सनसनीखेज घटना सामने आई है। मेडिकल जांच में दुष्कर्म की पुष्टि होने के बाद क्षेत्र में भारी आक्रोश फैल गया। गुस्साए लोगों ने उतई थाने का घेराव कर आरोपी को फांसी की सजा देने की मांग की।

स्कूल से लौटने के बाद लापता हुई थी बच्ची

जानकारी के अनुसार, बच्ची सुबह स्कूल से लौटने के बाद अपनी दादी से पैसे लेकर दुकान जाने निकली थी, लेकिन करीब दो घंटे तक घर नहीं लौटी। इसके बाद परिजनों और ग्रामीणों ने उसकी तलाश शुरू की।

खोजबीन के दौरान एक खंडहरनुमा मकान के पास झाड़ियों में संदिग्ध हालत में पड़ी बोरी हिलती नजर आई। जब बोरी खोली गई तो बच्ची का मुंह तकिए के कवर से बंधा मिला।

आरोपी ने बहला-फुसलाकर दिया वारदात को अंजाम

आरोप है कि 40 वर्षीय आरोपी धनेश्वर साहू उर्फ जनता साहू बच्ची को बहला-फुसलाकर अपने घर ले गया और उसके साथ दुष्कर्म किया। वारदात के बाद बच्ची के बेहोश होने पर उसे बोरे में भरकर झाड़ियों में फेंक दिया गया।

अस्पताल में भर्ती, बच्ची की हालत स्थिर

बच्ची को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका इलाज किया गया। फिलहाल डॉक्टरों के अनुसार बच्ची की हालत स्थिर बताई जा रही है।

थाने के बाहर प्रदर्शन, सख्त सजा की मांग

घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में महिलाएं और स्थानीय लोग उतई थाना पहुंच गए और धरने पर बैठकर विरोध प्रदर्शन करने लगे। लोगों ने आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और फांसी की सजा की मांग की।

आरोपी हिरासत में, जांच जारी

पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। मामले में पॉक्सो एक्ट के तहत कार्यवाही की जा रही है ।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!