ट्रंप की ईरान को बड़ी चेतावनी: “आज रात पूरी सभ्यता खत्म हो सकती है”, ईरान बोला– बलिदान को तैयार

नई दिल्ली (शिखर दर्शन) // अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को लेकर बड़ा बयान देते हुए कड़ी चेतावनी जारी की है। युद्धविराम समझौते और होर्मुज जलडमरूमध्य को लेकर तय समयसीमा खत्म होने से पहले उन्होंने कहा कि “आज रात एक पूरी सभ्यता खत्म हो सकती है।”
ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर लिखा कि वह ऐसा नहीं चाहते, लेकिन हालात जिस दिशा में बढ़ रहे हैं, उससे ऐसा संभव दिख रहा है। यह बयान ईरान को दिए गए 48 घंटे के अल्टीमेटम की अवधि समाप्त होने से ठीक पहले आया है।
“आज रात पता चल जाएगा” – ट्रंप
ट्रंप ने आगे कहा कि दुनिया के इतिहास के सबसे महत्वपूर्ण पलों में से एक आज सामने आ सकता है। उन्होंने 47 सालों से जारी जबरदस्ती, भ्रष्टाचार और हिंसा के अंत की बात भी कही।
उन्होंने संकेत दिया कि ईरान में सत्ता संरचना में बदलाव के बाद भविष्य में कुछ सकारात्मक और बड़े परिवर्तन भी देखने को मिल सकते हैं।
चेतावनी से पहले ईरान पर हमले
ट्रंप के बयान से पहले ही ईरान के कई शहरों में हमलों की खबरें सामने आई हैं। शाहरियार में एक रिहायशी इमारत पर मिसाइल गिरने से कम से कम 9 लोगों की मौत हो गई, जबकि 15 लोग घायल हुए हैं।
इसके अलावा कराज, काशान और जंजन में रेलवे ढांचे पर हमले की जानकारी मिली है। काशान में 2 लोगों की मौत हुई है। ईरान के प्रमुख तेल निर्यात केंद्र खर्ग द्वीप को भी निशाना बनाए जाने की खबर है।
ईरान का जवाब: “हम बलिदान को तैयार”
ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियन ने ट्रंप की चेतावनी से पहले ही कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि देश के करोड़ों लोग अपनी मातृभूमि की रक्षा के लिए बलिदान देने को तैयार हैं।
भारत में ईरान के राजदूत मोहम्मद फथाली ने भी चेतावनी भरे लहजे में कहा कि अगर युद्ध शुरू हुआ तो उसे रोक पाना आसान नहीं होगा।
बढ़ता तनाव, दुनिया की नजरें टिकीं
मौजूदा हालात को देखते हुए वैश्विक स्तर पर चिंता बढ़ गई है। ईरान और अमेरिका के बीच बढ़ता तनाव अब एक बड़े टकराव की ओर बढ़ता नजर आ रहा है, जिस पर पूरी दुनिया की नजरें टिकी हुई हैं।



