RSS मुख्यालय के पास विस्फोटकों का जखीरा मिला, महाराष्ट्र में हाईअलर्ट

नागपुर में जिलेटिन स्टिक, डेटोनेटर और कनेक्टर बरामद, सुरक्षा एजेंसियां सतर्क
नागपुर (शिखर दर्शन) // महाराष्ट्र के नागपुर में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) मुख्यालय के पास विस्फोटकों का जखीरा मिलने से हड़कंप मच गया है। घटना के बाद पूरे शहर समेत राज्यभर में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है।
जानकारी के अनुसार, नागपुर के सीए रोड स्थित दोसर भवन चौक इलाके में मेट्रो स्टेशन के पास एक घर के छोटे गार्डन में संदिग्ध बैग मिला। जांच करने पर उसमें से
- 15 जिलेटिन स्टिक
- 50 डेटोनेटर
- 8 कनेक्टर
बरामद किए गए।
सूचना मिलते ही पुलिस, बम निरोधक दस्ता और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और पूरे इलाके को घेरकर सघन तलाशी अभियान चलाया। विस्फोटकों को सुरक्षित तरीके से जब्त कर लिया गया है।
पुलिस के अनुसार, यह विस्फोटक करीब एक से डेढ़ महीने से वहां रखे होने की आशंका है। मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है।
संवेदनशील इलाका
यह क्षेत्र बेहद संवेदनशील माना जाता है—
- करीब 200 मीटर दूरी पर जामा मस्जिद
- 500 मीटर दूरी पर पोद्दारेश्वर राम मंदिर
- डेढ़ से दो किलोमीटर दूरी पर RSS मुख्यालय स्थित
नागपुर के सह पुलिस आयुक्त नवीनचंद्र रेड्डी ने बताया कि मामले की गहन जांच जारी है। सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सतर्क हैं और पूरे इलाके में निगरानी बढ़ा दी गई है।



