दुर्ग पुलिस की बड़ी पहल: 50 लाख के 205 गुम मोबाइल मालिकों को लौटाए, खिली चेहरों पर मुस्कान

एसीयू की विशेष कार्रवाई से मिली सफलता, एसएसपी ने खुद किया वितरण; लोगों को दिलाई यातायात नियमों की शपथ
भिलाई ( शिखर दर्शन ) // दुर्ग पुलिस ने सराहनीय पहल करते हुए गुम हुए मोबाइल फोन उनके वास्तविक मालिकों को लौटाकर लोगों के चेहरों पर मुस्कान लौटा दी है। एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट (एसीयू) द्वारा 205 गुम मोबाइल फोन बरामद किए गए, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 50 लाख रुपये आंकी गई है।
पुलिस कंट्रोल रूम में आयोजित कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल ने बरामद मोबाइल फोन उनके स्वामियों को सौंपे। इस मौके पर नागरिकों को यातायात नियमों के पालन और हेलमेट के उपयोग को लेकर जागरूक करते हुए शपथ भी दिलाई गई।
जिले में लगातार मिल रहे गुम मोबाइल के आवेदनों के निराकरण के लिए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर एसीयू द्वारा विशेष अभियान चलाया गया। टीम ने दुर्ग, भिलाई, राजनांदगांव, बालोद, बेमेतरा और रायपुर सहित विभिन्न क्षेत्रों से अलग-अलग कंपनियों के मोबाइल फोन खोजकर बरामद किए। सत्यापन के बाद इन्हें संबंधित मालिकों को लौटाया गया।
इस पूरी कार्रवाई में एसीयू टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। निरीक्षक प्रमोद कुमार सरिया के नेतृत्व में यूनिट के अधिकारी-कर्मचारियों और थाना स्टाफ ने मिलकर यह सफलता हासिल की।
दुर्ग पुलिस की अपील : आम नागरिकों से अपील की गई है कि यदि उनका मोबाइल फोन गुम या चोरी हो जाए, तो तुरंत नजदीकी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराएं। इसके बाद भारत सरकार के CEIR पोर्टल पर जाकर गुम मोबाइल की जानकारी दर्ज करें। रिपोर्ट दर्ज करते समय मोबाइल का बिल, आधार कार्ड और थाना रिपोर्ट की प्रति अपलोड करना अनिवार्य है। इस प्रक्रिया से मोबाइल की खोज, ब्लॉकिंग और आगे की वैधानिक कार्रवाई में सहायता मिलती है।



