बलौदा-अकलतरा मार्ग पर भीषण सड़क हादसा: बोलेरो से टकराई कार, पिता-पुत्र की मौके पर मौत

परिवार के चार सदस्य थे सवार, मां और भांजा गंभीर घायल; पुलिस ने चालक को किया गिरफ्तार

जांजगीर-चाम्पा ( शिखर दर्शन ) // जिले के बलौदा-अकलतरा मार्ग पर देर रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे में पिता-पुत्र की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि परिवार के दो अन्य सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।

जानकारी के अनुसार, ग्राम अमोरा अकलतरा निवासी रूपेश निर्मलकर अपने परिवार के साथ ग्राम डोंगरी में एक पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होकर लौट रहे थे। उनके साथ कार में पत्नी भगवती, पुत्र राहुल और भांजा शरद निर्मलकर सवार थे। लौटते समय बलौदा थाना से करीब 2 किलोमीटर की दूरी पर उनकी कार की सामने से आ रही बोलेरो से जोरदार टक्कर हो गई, जिससे कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और कार में फंसे घायलों को बाहर निकाला। दुर्घटना में रूपेश निर्मलकर और उनके पुत्र राहुल की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि भगवती और शरद गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तत्काल निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।

पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बोलेरो को जब्त कर चालक को गिरफ्तार कर लिया है। मामले की जांच जारी है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।



