छत्तीसगढ़ में आज सियासी हलचल: सीएम साय का जशपुर दौरा, भाजपा स्थापना दिवस और प्रदेशभर में कई आंदोलन

एक ही दिन में कार्यक्रम, प्रदर्शन और जनआंदोलन—राजधानी से लेकर जिलों तक बढ़ी गतिविधियां
रायपुर ( शिखर दर्शन ) // छत्तीसगढ़ में आज राजनीतिक और सामाजिक गतिविधियों का दिन काफी व्यस्त रहने वाला है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय जशपुर दौरे पर रहेंगे, वहीं भाजपा अपना 47वां स्थापना दिवस मना रही है। दूसरी ओर कांग्रेस और एनएसयूआई समेत विभिन्न संगठनों द्वारा आंदोलन और प्रदर्शन भी किए जाएंगे।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सुबह 11 बजे रायपुर स्थित कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में भाजपा स्थापना दिवस कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसके बाद वे दोपहर 12:15 बजे जशपुर के लिए रवाना होंगे, जहां दोपहर 3 बजे प्रभु श्री रामकथा कार्यक्रम में भाग लेंगे। कार्यक्रमों के बाद वे शाम 5:35 बजे रायपुर लौटेंगे और शाम 6:30 बजे जिला भाजपा कार्यालय में कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे।
भाजपा का स्थापना दिवस : भारतीय जनता पार्टी का 47वां स्थापना दिवस प्रदेशभर में मनाया जा रहा है। सुबह 8 बजे से स्वच्छता अभियान, 9 बजे ध्वजारोहण और दिनभर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित होंगे। मुख्यमंत्री साय भी इसमें शामिल होकर कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे।
कांग्रेस का आंदोलन : शारदा चौक चौड़ीकरण को लेकर कांग्रेस ने पूर्व महापौर एजाज़ ढेबर के नेतृत्व में आज सुबह 11 बजे वृहद हस्ताक्षर अभियान चलाने का ऐलान किया है। कांग्रेस का आरोप है कि योजना ठंडे बस्ते में डाल दी गई है, जिससे ट्रैफिक जाम की समस्या बढ़ रही है।
NSUI का प्रदर्शन : छात्र संघ चुनाव बहाली की मांग को लेकर एनएसयूआई आज प्रदेशभर में प्रदर्शन करेगी। इसके तहत विश्वविद्यालयों का घेराव किया जाएगा, जिसमें रायपुर के प्रमुख विश्वविद्यालय भी शामिल हैं।
छात्रा संसद : अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद द्वारा पुराना विधानसभा भवन ऑडिटोरियम में छात्रा संसद का आयोजन किया जाएगा, जिसमें प्रदेशभर की छात्राएं भाग लेंगी और महिला संबंधित मुद्दों पर चर्चा करेंगी।
कर्मचारी महासंघ का ज्ञापन : छत्तीसगढ़ नगरीय निकाय प्लेसमेंट कर्मचारी महासंघ आज नगर निगम आयुक्त को ज्ञापन सौंपेगा। महासंघ द्वारा न्यूनतम वेतन 18 हजार रुपए लागू करने और श्रम संहिताओं को एकीकृत करने की मांग उठाई जाएगी।
आज प्रदेशभर में एक साथ कई कार्यक्रम, आंदोलन और प्रशासनिक गतिविधियां होने से राजनीतिक माहौल पूरी तरह सक्रिय नजर आ रहा है।



