मौसम ने ली करवट: तापमान में गिरावट, आज कई जिलों में बारिश और वज्रपात का अलर्ट

तेज हवाएं, गरज-चमक और ओलावृष्टि की संभावना, अगले कुछ दिनों तक राहत भरा मौसम
रायपुर ( शिखर दर्शन ) // छत्तीसगढ़ में मौसम के अचानक बदले मिजाज ने भीषण गर्मी से लोगों को राहत दी है। प्रदेश के कई हिस्सों में तापमान में गिरावट दर्ज की गई है और आज कई क्षेत्रों में बारिश के साथ तेज हवाएं व वज्रपात की आशंका जताई गई है।
मौसम विभाग के अनुसार, पिछले 24 घंटों में अधिकतम तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। आगामी 4 दिनों तक उत्तर और मध्य छत्तीसगढ़ के कुछ स्थानों पर गरज-चमक, तेज हवाएं और बिजली गिरने की संभावना है। 5 अप्रैल को कुछ क्षेत्रों में ओलावृष्टि के भी आसार हैं। इसके अलावा अगले 3 दिनों तक तापमान में 1 से 3 डिग्री सेल्सियस तक और गिरावट हो सकती है, जिसके बाद मौसम सामान्य रहने की संभावना है।
मौसम सारांश : बीते रविवार को प्रदेश के कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। सबसे अधिक तापमान 36.9 डिग्री सेल्सियस जगदलपुर में रिकॉर्ड किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 19.2 डिग्री सेल्सियस अंबिकापुर में दर्ज हुआ। वर्षा के आंकड़ों में पौड़ी उपरोरा में 1 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई।
सिनोप्टिक सिस्टम : गंगा के पश्चिमी बंगाल से लेकर तेलंगाना तक छत्तीसगढ़ से गुजरते हुए एक निम्न दबाव क्षेत्र सक्रिय है, जो समुद्र तल से लगभग 0.9 किमी ऊपर स्थित है। इसी सिस्टम के प्रभाव से प्रदेश में मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है।
आज का मौसम : आज प्रदेश के कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। साथ ही एक-दो जगहों पर गरज-चमक के साथ वज्रपात और 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।
रायपुर का मौसम : राजधानी रायपुर में आज आसमान आंशिक रूप से मेघमय रहेगा। गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना है। अधिकतम तापमान लगभग 37 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।



