शादी का झांसा देकर युवती से संबंध, फिर मुकरा युवक; दुष्कर्म का केस दर्ज

ग्वालियर (शिखर दर्शन) // सरकारी नौकरी की तैयारी कर रही एक युवती ने अपने पड़ोसी युवक पर शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। युवती की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है, जबकि आरोपी युवक फरार बताया जा रहा है।
पढ़ाई के दौरान हुई पहचान, फिर बढ़ी नजदीकियां
जानकारी के अनुसार, शिवपुरी जिले के पिछोर तहसील की रहने वाली 24 वर्षीय युवती ग्वालियर में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए रह रही थी। वह 2024 से 2026 तक झांसी रोड थाना क्षेत्र के नाका चंद्रबदनी इलाके में किराए के मकान में रह रही थी। इसी दौरान उसकी मुलाकात पड़ोस में रहने वाले राहुल नामक युवक से हुई, जो दतिया का निवासी है और ग्वालियर में पढ़ाई कर रहा था।
धीरे-धीरे दोनों के बीच दोस्ती हुई और यह संबंध प्रेम संबंध में बदल गया।
शादी का वादा, फिर शारीरिक संबंध
पीड़िता का आरोप है कि युवक ने शादी का वादा कर उसके साथ कई बार शारीरिक संबंध बनाए। युवती को भरोसा था कि दोनों का रिश्ता शादी तक पहुंचेगा, लेकिन बाद में उसे पता चला कि युवक किसी अन्य लड़की से विवाह करने की तैयारी कर रहा है।
शादी से किया इनकार, थाने पहुंची युवती
जब युवती ने युवक से इस बारे में बात की, तो उसने शादी करने से साफ इनकार कर दिया। खुद को ठगा महसूस कर युवती ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने दर्ज किया केस, आरोपी की तलाश जारी
झांसी रोड थाना प्रभारी शक्ति सिंह यादव के अनुसार, पीड़िता की शिकायत के आधार पर आरोपी युवक के खिलाफ दुष्कर्म सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। फिलहाल पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है और मामले की जांच जारी है।




