अवैध संबंध के शक में हैवान बना पति: पत्नी पर डीजल डालकर जिंदा जलाने की कोशिश

घरेलू विवाद ने लिया खौफनाक रूप, गंभीर हालत में महिला अस्पताल में भर्ती, आरोपी पति गिरफ्तार
गुना ( शिखर दर्शन ) // मध्यप्रदेश के गुना जिले में घरेलू विवाद ने उस वक्त भयावह रूप ले लिया, जब एक पति ने अपनी पत्नी को जिंदा जलाने की कोशिश कर डाली। कैंट क्षेत्र के घोसीपुरा इलाके में हुई इस घटना में आरोपी ने पत्नी पर डीजल उड़ेलकर आग लगा दी, जिससे महिला बुरी तरह झुलस गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
पीड़िता दीपा रजक के अनुसार, उसके पति का दूसरी महिला से अवैध संबंध था। जब वह पति का मोबाइल लेकर उस महिला से बात कर रही थी, तब आरोपी को इस बात की जानकारी मिली और उसने गुस्से में आकर विवाद शुरू कर दिया। देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि उसने पत्नी पर डीजल डालकर आग लगा दी।
घटना के दौरान मौके पर मौजूद पीड़िता के भाई ने तुरंत पानी डालकर आग बुझाई, जिससे महिला की जान बच सकी। इसके बाद उसे गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत नाजुक होने पर उसे भोपाल रेफर कर दिया गया है।
पुलिस ने मामले में तत्परता दिखाते हुए आरोपी पति के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है और पुलिस घटना के सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है।




