महाराष्ट्र

हनुमान जयंती शोभायात्रा से लापता मासूम की हत्या: 36 घंटे बाद बोरे में मिला शव, नागपुर में सनसनी

14 वर्षीय बच्चे के हाथ-पैर बंधे मिले, गला घोंटकर हत्या की आशंका; पुलिस ने शुरू की सघन जांच

नागपुर ( शिखर दर्शन ) // हनुमान जयंती की शोभायात्रा में शामिल होने गया 14 वर्षीय बालक संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया और 36 घंटे बाद उसका शव बोरे में बंद मिला, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान अथर्व ननोरे के रूप में हुई है, जो 2 अप्रैल की शाम गिट्टीखदान इलाके में शोभायात्रा में शामिल होने गया था, लेकिन वापस घर नहीं लौटा।
परिजनों ने उसकी तलाश के बाद गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी, जिसके बाद पुलिस और स्थानीय लोग उसकी खोज में जुटे हुए थे।

जानकारी के अनुसार, शनिवार शाम करीब 5 बजे नागपुर जिले के कलमेश्वर तहसील अंतर्गत भरतवाड़ा गांव के पास एक बोरे में बंधा हुआ शव मिला। जब बोरा खोला गया तो उसमें अथर्व का शव मिला, जिसके हाथ-पैर बंधे हुए थे। प्रारंभिक जांच में गला घोंटकर हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है।

घटना के बाद आक्रोशित स्थानीय नागरिकों ने गिट्टीखदान थाना क्षेत्र में विरोध प्रदर्शन किया और सड़क जाम कर पुलिस से त्वरित कार्रवाई की मांग की। लोगों का कहना है कि इस तरह की घटना ने क्षेत्र में भय का माहौल पैदा कर दिया है।

पुलिस ने अपहरण और हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। कुछ संदिग्ध लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा। साथ ही इस जघन्य वारदात के पीछे के कारणों का भी पता लगाया जा रहा है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!