पेट्रोल संकट से निपटने नेपाल का बड़ा फैसला: अब हफ्ते में 2 दिन छुट्टी, बदला ऑफिस टाइम

ईंधन आपूर्ति प्रभावित होने पर सरकार का कदम, शनिवार-रविवार अवकाश और सुबह 9 से शाम 5 बजे तक काम
काठमांडू ( शिखर दर्शन ) // नेपाल सरकार ने पेट्रोलियम संकट को देखते हुए बड़ा प्रशासनिक फैसला लिया है। अब देश में सरकारी कार्यालयों के लिए सप्ताह में दो दिन—शनिवार और रविवार—साप्ताहिक अवकाश घोषित किया गया है। इसके साथ ही सरकारी दफ्तरों के कामकाज का नया समय सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक तय किया गया है।
सरकार के प्रवक्ता सस्मित पोखरेल ने बताया कि पेट्रोलियम आपूर्ति में आई असहज स्थिति के कारण यह निर्णय लिया गया है, ताकि ईंधन की खपत को नियंत्रित किया जा सके और संसाधनों का बेहतर प्रबंधन हो सके।
अब तक नेपाल में केवल शनिवार को ही साप्ताहिक अवकाश रहता था, लेकिन नए आदेश के तहत रविवार को भी छुट्टी रहेगी। वहीं, सरकारी कार्यालयों के समय में बदलाव करते हुए काम की शुरुआत सुबह 10 बजे के बजाय 9 बजे से करने का फैसला लिया गया है, जबकि समापन समय शाम 5 बजे ही रहेगा।
सरकार ने स्पष्ट किया है कि यह नई समय-सीमा शैक्षिक संस्थानों को छोड़कर अन्य सभी सरकारी कार्यालयों पर लागू होगी। मंत्रिपरिषद की बैठक में यह निर्णय लिया गया कि कर्मचारियों को एक घंटा पहले बुलाकर कार्यक्षमता को प्रभावित होने से रोका जाएगा और कम समय में अधिक प्रभावी काम सुनिश्चित किया जाएगा।
नई व्यवस्था सोमवार से पूरे देश में लागू हो जाएगी। सरकार को उम्मीद है कि इस फैसले से ईंधन की खपत में कमी आएगी और मौजूदा संकट से निपटने में मदद मिलेगी।



