दुर्ग संभाग

रेलवे नौकरी के नाम पर 7 लाख की ठगी: दुर्ग में फर्जीवाड़ा उजागर, आरोपी गिरफ्तार

खुद को रेलवे कर्मचारी बताकर किया विश्वास हासिल, चेक देकर भी नहीं लौटाए पैसे

दुर्ग (शिखर दर्शन) // जिले में रेलवे में नौकरी दिलाने का झांसा देकर लाखों की ठगी का मामला सामने आया है। नेवई थाना क्षेत्र में एक युवक ने खुद को रेलवे कर्मचारी बताकर 7 लाख रुपए ऐंठ लिए। शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

घर पहुंचकर लिया कैश, नौकरी का दिया भरोसा

पुलिस के अनुसार, ग्राम खोरपा (पाटन) निवासी सतीश कुमार मरकाम ने स्टेशन मरोदा बीआरपी कॉलोनी निवासी खिलेश्वर साहू को रेलवे में नौकरी दिलाने का झांसा दिया। 10 फरवरी 2022 को वह पीड़ित के घर पहुंचा और उसकी पत्नी की मौजूदगी में 7 लाख रुपए नकद ले लिए।

7 महीने में नौकरी या पैसा लौटाने का वादा

आरोपी ने भरोसा दिलाया कि वह सात महीने के भीतर रेलवे में नौकरी लगवा देगा, अन्यथा पूरी रकम वापस कर देगा। विश्वास कायम रखने के लिए उसने यूनियन बैंक, पाटन शाखा के तीन कोरे चेक भी गारंटी के तौर पर दिए।

समय बीतने पर करता रहा टालमटोल

निर्धारित समय बीत जाने के बाद भी जब नौकरी नहीं लगी, तो पीड़ित ने पैसे वापस मांगे। इस पर आरोपी लगातार बहाने बनाता रहा। 28 जुलाई 2023 को उसने लिखित इकरारनामा भी दिया, लेकिन इसके बाद भी रकम नहीं लौटाई।

पुलिस कार्रवाई, कोर्ट में पेश कर भेजा जेल

लगातार परेशान होने के बाद पीड़ित ने नेवई थाना में शिकायत दर्ज कराई। जांच के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। न्यायालय में पेश करने के बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!