शराब घोटाले में बड़ा मोड़: 59 आरोपी कोर्ट में पेश, कवासी लखमा समेत सभी पर टिकी निगाहें

ED कोर्ट में हाई-प्रोफाइल सुनवाई पूरी, फैसला सुरक्षित; कभी भी आ सकता है निर्णय
रायपुर (शिखर दर्शन) // छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित शराब घोटाला मामले में आज बड़ा अपडेट सामने आया है। मामले से जुड़े कुल 59 आरोपियों को प्रवर्तन निदेशालय (ED) की विशेष कोर्ट में पेश किया गया। सुनवाई के दौरान सभी आरोपियों की मौजूदगी में अदालत की कार्यवाही पूरी की गई। सुनवाई के बाद कोर्ट ने अपना फैसला सुरक्षित रख लिया है।
बताया जा रहा है कि अदालत में धारा 88 के तहत आरोपियों के बयान दर्ज किए गए। इस दौरान पूर्व आबकारी मंत्री कवासी लखमा भी कोर्ट में पेश हुए। वहीं इस मामले में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के पुत्र चैतन्य बघेल, सौम्या चौरसिया और निरंजन दास सहित आबकारी विभाग से जुड़े अन्य अधिकारी भी अदालत में उपस्थित रहे।
सुनवाई पूरी होने के बाद कोर्ट ने अपना निर्णय सुरक्षित रखते हुए कहा कि जल्द ही फैसला सुनाया जाएगा। जानकारी के अनुसार, अदालत कुछ ही समय में इस मामले पर अपना फैसला सुना सकती है।
यह मामला राजनीतिक और प्रशासनिक दृष्टि से काफी अहम माना जा रहा है, क्योंकि इसमें कई प्रभावशाली नाम शामिल हैं। ऐसे में अब सभी की नजरें कोर्ट के फैसले पर टिकी हुई हैं, जिससे प्रदेश की राजनीति में भी असर पड़ सकता है।




