कांग्रेस भवन बना अखाड़ा: जिला उपाध्यक्ष और पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष के बीच जूतम-पैजार, पुलिस बुलानी पड़ी

पत्रकार वार्ता के बाद विवाद ने लिया हिंसक रूप, कुर्सियां टूटीं, कांच बिखरा, नेताओं में मचा हड़कंप
महासमुंद (शिखर दर्शन) // जिले के कांग्रेस भवन में गुरुवार को उस समय हंगामे की स्थिति बन गई, जब पार्टी के पदाधिकारियों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि मामला हाथापाई तक पहुंच गया। जिला उपाध्यक्ष विजय साव, पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष ढेलू निषाद और कार्यकर्ता निर्मल जैन के बीच जमकर मारपीट हुई।
जानकारी के मुताबिक, कांग्रेस भवन में दोपहर 2 बजे महंगाई को लेकर पत्रकार वार्ता आयोजित की गई थी, जिसमें कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता मौजूद थे। कार्यक्रम खत्म होने के बाद लगभग साढ़े 3 बजे सूचना को लेकर आपसी बहस शुरू हुई, जो देखते ही देखते विवाद में बदल गई।
बहस से मारपीट तक पहुंचा मामला
बताया जा रहा है कि कार्यक्रम की सूचना सही तरीके से नहीं देने के आरोप को लेकर विवाद शुरू हुआ। इसी दौरान बहस तेज हो गई और अचानक धक्का-मुक्की के बाद जूतम-पैजार शुरू हो गई।
- एक-दूसरे पर कुर्सियां फेंकी गईं
- भवन में रखी प्लास्टिक कुर्सियां टूट गईं
- कांच के गिलास चकनाचूर हो गए
- मारपीट में कई लोगों के कपड़े भी फट गए

मौके पर मौजूद अन्य कार्यकर्ताओं ने बीच-बचाव कर स्थिति को काबू में करने की कोशिश की।
पुलिस की एंट्री, हालात हुए काबू
स्थिति बिगड़ते देख कांग्रेस जिलाध्यक्ष एवं विधायक द्वारिकाधीश यादव ने पुलिस को सूचना दी। इसके बाद सिटी कोतवाली प्रभारी दिनेश यादव अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और हालात को संभाला।

पुलिस ने संबंधित पक्षों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन काफी देर तक तनाव बना रहा। बाद में सख्ती दिखाते हुए पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित किया और संबंधित व्यक्ति को भवन से बाहर किया।
एफआईआर की तैयारी, संगठन में बढ़ी नाराजगी
घटना के बाद कांग्रेस नेताओं में नाराजगी देखी गई। बताया जा रहा है कि संबंधित मामले में एफआईआर दर्ज कराने की तैयारी की जा रही है। इस पूरे घटनाक्रम ने पार्टी संगठन के अंदरूनी हालात को भी उजागर कर दिया है।



