13 दिन में उजड़ गया सुहाग: नवविवाहिता की संदिग्ध मौत, पति पर हत्या का गंभीर आरोप

मायके पक्ष ने लगाए मारपीट के आरोप, पुलिस जांच में जुटी
राजिम ( शिखर दर्शन ) // छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में शादी के महज 13 दिन बाद एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। घटना के बाद मायके पक्ष ने पति पर हत्या का गंभीर आरोप लगाते हुए कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार फिंगेश्वर थाना क्षेत्र के ग्राम खैरझिटी निवासी नूतन दीवान की शादी हाल ही में मगरलोड थाना क्षेत्र के करेली छोटी निवासी कामेश के साथ हुई थी। विवाह के कुछ ही दिनों बाद नूतन की संदिग्ध हालात में मौत हो गई, जिससे क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
मृतका के परिजनों का आरोप है कि शादी के बाद से ही उसका पति कामेश उसके साथ मारपीट करता था। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि घटना के बाद पति ने मौत के वास्तविक कारण को छिपाने की कोशिश की। परिजनों ने इस पूरे मामले को हत्या बताते हुए दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
घटना की सूचना मिलते ही मगरलोड पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामले की जांच जारी है।



