खेल

रायपुर में IPL का जलवा, शाहरुख खान के आने की चर्चा तेज: KKR vs RCB मुकाबले को लेकर उत्साह चरम पर

13 मई को होगा हाई-वोल्टेज मैच, 10 साल बाद राजधानी में लौट रहा IPL रोमांच

रायपुर ( शिखर दर्शन ) // आईपीएल 2026 के दूसरे शेड्यूल के जारी होते ही राजधानी रायपुर में क्रिकेट का रोमांच चरम पर पहुंच गया है। 13 मई को कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के बीच होने वाले मुकाबले को लेकर खासा उत्साह है। इस बीच बॉलीवुड स्टार और KKR के मालिक शाहरुख खान के रायपुर आने की चर्चाएं भी तेज हो गई हैं।

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार शहीद वीर नारायण सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में 10 मई को RCB और मुंबई इंडियंस (MI) के बीच पहला मुकाबला खेला जाएगा, जबकि 13 मई को KKR और RCB आमने-सामने होंगे। दोनों मैच शाम 7:30 बजे से शुरू होंगे।

छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ (CSCS) ने इन मुकाबलों को लेकर तैयारियां शुरू कर दी हैं। स्टेडियम में दर्शकों की सुविधाओं, सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाओं को लेकर जल्द ही अहम बैठक आयोजित की जाएगी। साथ ही टिकट दरों और अन्य व्यवस्थाओं को भी अंतिम रूप दिया जाएगा।

शाहरुख खान के आने की अटकलें
KKR के मुकाबलों में अक्सर टीम के मालिक शाहरुख खान की मौजूदगी देखी जाती है। ऐसे में 13 मई को रायपुर में होने वाले मैच में उनके आने की संभावना जताई जा रही है। हालांकि, इसे लेकर अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन फैंस में इसे लेकर जबरदस्त उत्साह बना हुआ है।

10 साल बाद लौट रहा IPL
छत्तीसगढ़ में करीब एक दशक बाद IPL मैचों का आयोजन होने जा रहा है। इस बार RCB ने रायपुर को अपना होम ग्राउंड बनाया है, जहां टीम अपने दो मुकाबले खेलेगी। क्रिकेट प्रेमियों को विराट कोहली, हार्दिक पंड्या और अजिंक्य रहाणे जैसे स्टार खिलाड़ियों की शानदार बल्लेबाजी देखने का मौका मिलेगा।

स्टेडियम और पिच की खासियत
शहीद वीर नारायण सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम करीब 65 हजार दर्शकों की क्षमता वाला देश के बड़े स्टेडियमों में शामिल है। यह मैदान अपनी संतुलित पिच के लिए जाना जाता है, जहां बल्लेबाजों के साथ-साथ गेंदबाजों को भी मदद मिलती है। यहां लक्ष्य का पीछा करना अपेक्षाकृत आसान माना जाता है, जिससे मुकाबले और भी रोमांचक होने की उम्मीद है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!