ईंधन संकट की अफवाहों पर सरकार सख्त: “60 दिन का स्टॉक सुरक्षित, घबराने की जरूरत नहीं”

PM मोदी कल मुख्यमंत्रियों से करेंगे अहम बैठक, ऊर्जा सुरक्षा पर होगी समीक्षा
नई दिल्ली ( शिखर दर्शन ) // पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच देश में ईंधन संकट की आशंकाओं को लेकर केंद्र सरकार ने स्पष्ट किया है कि घबराने की कोई जरूरत नहीं है। पेट्रोलियम मंत्रालय ने गुरुवार को बयान जारी कर बताया कि देश में लगभग 60 दिनों के लिए पर्याप्त ईंधन उपलब्ध है और ऊर्जा आपूर्ति पूरी तरह नियंत्रण में है।
मंत्रालय के अनुसार हाल के दिनों में कुछ पेट्रोल पंपों पर लंबी कतारें देखी गईं, जो सोशल मीडिया पर फैलाई गई भ्रामक वीडियो के कारण उत्पन्न हुईं। अधिकारियों ने बताया कि इन परिस्थितियों के बावजूद सभी उपभोक्ताओं को ईंधन उपलब्ध कराया गया और तेल कंपनियों के डिपो लगातार चालू रखे गए। साथ ही पेट्रोल पंप संचालकों को दी जाने वाली क्रेडिट अवधि भी बढ़ाई गई है ताकि आपूर्ति बाधित न हो।
मंत्रालय ने स्पष्ट किया कि देश में केवल 6 दिन का भंडार बचने की बात पूरी तरह गलत है। वास्तविक रूप से भारत के पास करीब 75 दिनों की कुल भंडारण क्षमता है और वर्तमान में हर नागरिक के लिए कम से कम 60 दिन की आपूर्ति सुनिश्चित है। भारत अब 41 से अधिक देशों से कच्चा तेल आयात कर रहा है, जिससे आपूर्ति और मजबूत हुई है।
PM की उच्चस्तरीय बैठक आज
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार शाम 6:30 बजे वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के मुख्यमंत्रियों के साथ बैठक करेंगे। इस बैठक में पश्चिम एशिया की स्थिति, ऊर्जा आपूर्ति, विदेशों में भारतीयों की सुरक्षा और आपात तैयारियों की समीक्षा की जाएगी।
LPG उत्पादन में बढ़ोतरी
मंत्रालय के अनुसार देश में LPG का घरेलू उत्पादन 40 प्रतिशत तक बढ़ चुका है, जिससे आयात पर निर्भरता कम हुई है। वर्तमान में उत्पादन आवश्यकता से अधिक है और अमेरिका, रूस, ऑस्ट्रेलिया समेत कई देशों से गैस आपूर्ति सुनिश्चित की गई है। इसके चलते देश में LPG की कोई कमी नहीं है।
भ्रामक खबरों पर सख्ती की चेतावनी
सरकार ने सोशल मीडिया पर फैल रही गलत जानकारी पर चिंता जताते हुए कहा है कि कुछ शरारती तत्व अफवाह फैलाकर जनता में डर पैदा करने की कोशिश कर रहे हैं। मंत्रालय ने नागरिकों से अपील की है कि वे केवल सरकारी सूचनाओं पर ही भरोसा करें। साथ ही चेतावनी दी गई है कि जानबूझकर दहशत फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।



