गैस एजेंसी में बवाल: बाउंसरों ने ग्राहक को पीटा, LPG किल्लत के बीच भड़का गुस्सा

लाइन में खड़े युवक से विवाद के बाद मारपीट, लोगों में भारी नाराजगी
दुर्ग ( शिखर दर्शन ) // छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के भिलाई स्थित गैस एजेंसी में मारपीट का मामला सामने आया है, जहां LPG की किल्लत के बीच व्यवस्था संभाल रहे बाउंसरों ने एक ग्राहक के साथ दुर्व्यवहार कर दिया। घटना के बाद मौके पर मौजूद अन्य ग्राहकों में भी आक्रोश फैल गया।
जानकारी के अनुसार खुर्सीपार इलाके में स्थित शताक्षी गैस एजेंसी में गैस सिलेंडर लेने के लिए सुबह से ही बड़ी संख्या में लोग लाइन में खड़े थे। भीड़ अधिक होने के कारण एजेंसी प्रबंधन ने व्यवस्था बनाए रखने के लिए बाउंसर तैनात किए थे। इसी दौरान लाइन में खड़े एक युवक और बाउंसर के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गया।
बताया जा रहा है कि बाउंसरों ने युवक के साथ धक्का-मुक्की करते हुए मारपीट की, वहीं अन्य ग्राहकों के साथ भी अभद्र व्यवहार किया गया। इस घटना से वहां मौजूद लोगों में नाराजगी फैल गई और माहौल तनावपूर्ण हो गया।

सूचना मिलते ही खुर्सीपार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने लोगों से बातचीत कर मामले की जानकारी ली, हालांकि गैस एजेंसी प्रबंधन ने इस मामले में कोई बयान देने से इंकार कर दिया। पुलिस का कहना है कि अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से लिखित शिकायत नहीं मिली है, शिकायत मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
कार्रवाई के घेरे में तीन बाउंसर
मारपीट की घटना में शामिल तीन बाउंसरों की पहचान हाथखोज भिलाई निवासी 23 वर्षीय हरिओम चौधरी, खुर्सीपार निवासी 27 वर्षीय विकास सिंह और कैंप 1 छावनी निवासी 30 वर्षीय विक्की विश्वकर्मा के रूप में हुई है। पुलिस द्वारा इनके खिलाफ प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि गैस एजेंसी में अक्सर अव्यवस्था बनी रहती है और ग्राहकों के साथ व्यवहार भी संतोषजनक नहीं होता। लोगों ने प्रशासन से व्यवस्था सुधारने और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।



