सोफे पर मै सोता रहा पूरी रात , नर्स ने थामा मां का हाथ: राहुल गांधी ने सुनाई भावुक दास्तां

केरल की नर्स को बताया ‘मानवता की मिसाल’, चुनाव से पहले भावनात्मक संदेश !
नई दिल्ली/केरल ( शिखर दर्शन ) // कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने एक भावुक अनुभव साझा करते हुए केरल की एक नर्स की जमकर सराहना की है। उन्होंने बताया कि अस्पताल में भर्ती अपनी मां सोनिया गांधी के साथ बिताए कठिन समय में एक नर्स ने पूरी रात उनकी देखभाल कर उन्हें मानसिक संबल दिया। राहुल गांधी ने इसे ‘केरल की आत्मा’ बताते हुए वहां की सेवा भावना को सलाम किया।
राहुल गांधी ने यह अनुभव एक वर्चुअल संबोधन के दौरान साझा किया, जो केरल में आयोजित एक रैली में चलाया गया। उन्होंने बताया कि वे अपनी मां के कमरे में एक छोटे से सोफे पर सो रहे थे और हर बेटे की तरह उनकी सेहत को लेकर चिंतित थे। इसी दौरान एक नर्स हर घंटे आकर उनकी मां की हालत देखती, मुस्कुराकर उनका हाथ थामती और उन्हें सुकून देती रही।
राहुल गांधी ने कहा कि पूरी रात उन्हें केवल उसी नर्स की सेवा भावना से सुकून मिला। उन्होंने यह भी बताया कि जब उन्होंने नर्स से पूछा कि क्या वह सोती हैं, तो जवाब मिला कि वे पूरी रात काम करती हैं। राहुल ने इसे केरल की पहचान बताते हुए कहा कि जब दुनिया सोती है, तब केरल की महिलाएं देश और दुनिया में लोगों की सेवा कर रही होती हैं।
इस बयान को चुनावी नजरिए से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। केरल में 9 अप्रैल को एक ही चरण में मतदान होना है और राज्य में बड़ी संख्या में नर्सिंग पेशे से जुड़े लोग हैं। ऐसे में राहुल गांधी का यह भावनात्मक संदेश इस वर्ग को साधने की कोशिश के रूप में भी देखा जा रहा है।
गौरतलब है कि कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी को दो दिन पहले तबीयत बिगड़ने पर नई दिल्ली के सर गंगा राम अस्पताल में भर्ती कराया गया था। डॉक्टर अनूप बासु की निगरानी में उनका इलाज जारी है। अस्पताल प्रबंधन के अनुसार उनकी हालत फिलहाल स्थिर है और वे उपचार का सकारात्मक जवाब दे रही हैं।




