पूर्व कांग्रेस पार्षद पर जमीन पर अवैध कब्जे का आरोप, बाउंड्रीवॉल तोड़ने का मामला दर्ज

रायपुर // (शिखर दर्शन) – खम्हारडीह पुलिस ने श्याम नगर तेलीबांधा निवासी अनिल बालानी की शिकायत पर कांग्रेस के पूर्व पार्षद राकेश धोतरे के खिलाफ बाउंड्रीवॉल तोड़कर जमीन पर अवैध कब्जा करने का मामला दर्ज किया है। पुलिस ने 25 फरवरी से 2 मार्च के बीच घटित इस घटना में धारा 324, 325, 329 और 351-2 के तहत अपराध दर्ज किया है।
भूमि विवाद की कहानी
55 वर्षीय अनिल बालानी ने मंगलवार शाम थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि शंकर नगर स्थित उनकी भूमि, खसरा नं. 1185/2/छः/2/1246/4 (0.202 हेक्ट.) और 1246/5 (0.049 हेक्ट.), कुल 0.251 हेक्टेयर रकबा में फैली है। यह भूमि उन्होंने विक्रेता से खरीदकर 12 जुलाई 2006 से रजिस्ट्री के माध्यम से कब्जा हासिल किया था।
अनिल ने कहा कि भूमि पर पहले से ही विक्रेता द्वारा खंबे लगाकर तार फेंसिंग की गई थी और रजिस्ट्री पश्चात् उन्होंने राजस्व अभिलेखों में विधिवत् नामांतरण कराया।
बाउंड्रीवॉल तोड़ने की घटना
सन् 2022 में भूमि का सीमांकन करवाकर नया खसरा नंबर 15013 (0.251 हेक्ट.) प्राप्त करने के बाद 2 मार्च 2026 को दोपहर को अनिल बालानी ने अपनी भूमि का निरीक्षण किया। उन्हें पता चला कि बाउंड्रीवॉल को अवैध रूप से तोड़ दिया गया है।
जानकारी के अनुसार, पूर्व पार्षद राकेश धोतरे ने बाउंड्रीवॉल को तोड़कर भूमि पर कब्जा करने की कोशिश की। जब अनिल ने उनसे बात की तो राकेश धोतरे ने कहा, “यह जमीन 60 साल से मेरी है, तुम्हें जो करना है कर लो, मेरा कोई भी कुछ नहीं बिगाड़ सकता।”
पुलिस से की गई कार्रवाई की मांग
अनिल बालानी ने पुलिस से निवेदन किया कि राकेश धोतरे ने उनकी भूमि को अवैध रूप से क्षति पहुँचाई और धमकी दी है, जिसके लिए कानूनी कार्रवाई की जाए। पुलिस ने उनकी शिकायत पर औपचारिक मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।



