डबल सिलेंडर कनेक्शन वाले ग्राहकों के लिए कोई बदलाव नहीं, अफवाहों पर ध्यान न दें

सरकार और पीआईबी ने बुकिंग नियमों में बदलाव की खबरों का किया खंडन
नई दिल्ली ( शिखर दर्शन ) // एलपीजी सिलेंडर की बढ़ती मांग और सप्लाई को लेकर हाल ही में सोशल मीडिया और मीडिया में दावा किया गया था कि डबल सिलेंडर कनेक्शन वाले ग्राहकों के लिए सिलेंडर बुकिंग के नियम बदल दिए गए हैं। इस दावे के मुताबिक, जिन ग्राहकों के पास दो एलपीजी कनेक्शन हैं, वे अब 35 दिन के अंतराल के बाद ही नया सिलेंडर बुक कर सकते हैं, जबकि एक सिलेंडर वाले ग्राहकों के लिए नियम पहले की तरह 25 दिन का गैप रहेगा।

सरकार और प्रेस इंफॉर्मेशन ब्यूरो (PIB) ने इस खबर को पूरी तरह गलत और भ्रामक बताया है। पीआईबी ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर स्पष्ट किया कि एलपीजी रिफिल बुकिंग के नियमों में कोई बदलाव नहीं किया गया है।
मौजूदा व्यवस्था के अनुसार शहरी क्षेत्रों में दो बुकिंग के बीच न्यूनतम 25 दिन और ग्रामीण क्षेत्रों में 45 दिन का अंतर पहले की तरह ही लागू रहेगा। सरकार ने यह भी स्पष्ट किया कि एलपीजी की पर्याप्त उपलब्धता है और लोगों को घबराकर अनावश्यक बुकिंग नहीं करनी चाहिए।
इस प्रेस विज्ञप्ति का उद्देश्य ग्राहकों को भ्रमित करने वाली अफवाहों से बचाना और नियमों के अनुसार सिलेंडर की सुविधा सामान्य रूप से सुनिश्चित करना है।



