तेज रफ्तार का कहर: एक झटके में खत्म हो गई 3 दोस्तों की जिंदगी

रात में हुआ हादसा, चाय पीने निकले थे चार दोस्त…
भोपाल // ( शिखर दर्शन ) // मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में मंगलवार-बुधवार की देर रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया, जिसमें तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
यह दर्दनाक हादसा ईंटखेड़ी थाना क्षेत्र के बैरसिया रोड पर हुआ, जहां चार दोस्त कार से चाय पीने के लिए जा रहे थे। इसी दौरान उनकी तेज रफ्तार बलेनो कार सामने चल रही भूसे से भरी ट्रॉली से जा टकराई।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार, हादसे की मुख्य वजह तेज रफ्तार और अंधेरे में ट्रॉली का अचानक सामने आ जाना माना जा रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही ईंटखेड़ी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। मृतकों के शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है।
पुलिस ट्रॉली चालक की तलाश में जुटी हुई है। फिलहाल मृतकों की पहचान नहीं हो पाई है और पूरे मामले की जांच जारी है।



