राइस मिलर्स एसोसिएशन अध्यक्ष समेत 6 पर धोखाधड़ी का केस दर्ज

फ्लैट दिलाने और ब्याज का झांसा देकर 24.5 लाख की ठगी, कोर्ट के आदेश पर FIR
दुर्ग // ( शिखर दर्शन ) //
दुर्ग में राइस मिलर्स एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष कांतीलाल बोथरा समेत 6 लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया गया है। यह कार्रवाई न्यायालय के आदेश पर कोतवाली पुलिस द्वारा की गई है।
जानकारी के अनुसार, प्रकरण में कांतीलाल बोथरा की मां को मुख्य आरोपी बनाया गया था, जिनके निधन के बाद उनके दायित्वों के निर्वहन के कारण कांतीलाल बोथरा को भी आरोपियों में शामिल किया गया है।
मामले में मेसर्स रिद्धि सिद्धि बिल्डर द्वारा निवेश के नाम पर फ्लैट देने और निर्माण अवधि तक ब्याज देने का झांसा दिया गया। इस पर प्रार्थी रितेश जैन के परिवार के चार सदस्यों ने अलग-अलग किश्तों में कुल 24.5 लाख रुपए निवेश किए।
आरोप है कि शुरू में कुछ समय तक ब्याज दिया गया, लेकिन बाद में न तो रकम वापस की गई और न ही फ्लैट निर्माण कर सौंपा गया।
प्रार्थी रितेश जैन ने अपनी पत्नी आरती जैन और अन्य परिजनों के साथ मिलकर न्यायालय में परिवाद दायर किया था। इस मामले में न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी राहुल सोरी की अदालत ने सुनवाई के बाद FIR दर्ज करने का आदेश दिया।
शिकायत में रूपेश जैन, विश्वास गुप्ता, मनीष शर्मा, सजल जैन, अमृता खंडेलवाल और कमला देवी बोथरा को आरोपी बनाया गया है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।

