बिलासपुर संभाग

चैत्र नवरात्र षष्ठी पर 951 कन्याओं का पूजन, भक्ति और श्रद्धा का अनूठा संगम

धर्म जागरण समन्वय एवं चिकित्सक डॉ. माखीजा परिवार के आयोजन में कन्या पूजन व भोज, समाज को दिए संस्कार और पर्यावरण संरक्षण के संदेश

बिलासपुर // ( शिखर दर्शन ) // चैत्र नवरात्र के पावन अवसर पर शहर में आस्था और श्रद्धा का अद्भुत संगम देखने को मिला। षष्ठी तिथि पर धर्म जागरण समन्वय बिलासपुर एवं शहर के प्रतिष्ठित चिकित्सक डॉ. माखीजा परिवार द्वारा 951 बालिकाओं का विधिवत कन्या पूजन कर उन्हें देवी स्वरूप मानकर सम्मानित किया गया।

यह भव्य आयोजन मगरपारा स्थित विनायक नेत्रालय एवं माखीजा सोनोग्राफी सेंटर के नवीन भवन में संपन्न हुआ, जहां बड़ी संख्या में कन्याओं और शहर के गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति रही। पूरे कार्यक्रम के दौरान “जय माता दी” के जयकारों से वातावरण भक्तिमय बना रहा।

आयोजन हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी धर्म जागरण समन्वय बिलासपुर एवं डॉ. ललित माखीजा के नेतृत्व में किया गया। कन्या पूजन के साथ कन्या भोज का भी आयोजन किया गया, जिसमें बालिकाओं के चरण धोकर, तिलक लगाकर, चुनरी ओढ़ाकर और उपहार भेंट कर उनका अभिनंदन किया गया।

कार्यक्रम के दौरान सनातन परंपराओं के साथ सामाजिक संदेश भी दिए गए। उपस्थित बच्चों को सामाजिक समरसता, कुटुंब प्रबोधन, पर्यावरण संरक्षण और संसाधनों के सही उपयोग के बारे में जागरूक किया गया। विशेष रूप से प्लास्टिक के उपयोग से बचने, पानी-बिजली की बचत करने और गर्मी में पशु-पक्षियों के लिए दाना-पानी रखने का संदेश दिया गया।

इस अवसर पर समाज के विशिष्ट जनों ने कहा कि ऐसे आयोजन समाज में संस्कार, आस्था और सामाजिक जिम्मेदारी को मजबूत करते हैं।

कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सहप्रांत प्रचारक नारायण नामदेव, धर्म जागरण समन्वय के प्रांत परियोजना प्रमुख शंकर साव, अभय सिंह, डॉ. ललित माखीजा, डॉ. ओम माखीजा, डॉ. रिया माखीजा, भृगु अवस्थी, राजेश जिल्लारे, रवि गोपाल, अमित तिवारी, निधि प्रमुख राजा जैसवानी, महेश उपाध्याय, अरविंद दुबे, बबीता ताम्रकार, नारायण गोस्वामी, राजेश मिश्रा, पूनम सिंह, हितेश माखीजा, शोभा कश्यप, मीना गोस्वामी, दीप शिखा यादव, शिव पटेल, संदीप शर्मा, किरण सिंह, पूनम श्रीवास, मीनाक्षी बोम्बर्डे, दीपा गंधर्व सहित अन्य गणमान्य नागरिकों का विशेष योगदान रहा।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!