बड़ी खबर: रायगढ़ में पकड़ी गई अफीम की खेती, एक आरोपी हिरासत में

दुर्ग-बलरामपुर के बाद तीसरे जिले में खुलासा, तरबूज-ककड़ी के बीच एक एकड़ में अवैध फसल
रायगढ़ // ( शिखर दर्शन ) // छत्तीसगढ़ में दुर्ग और बलरामपुर के बाद अब रायगढ़ जिले में भी अवैध अफीम की खेती का मामला सामने आया है। तमनार थाना क्षेत्र के आमाघाट में नदी किनारे तरबूज और ककड़ी की फसल के बीच करीब एक एकड़ जमीन पर अफीम की खेती की जा रही थी।
मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। एसपी, एडिशनल एसपी सहित जिला प्रशासन के अधिकारी जांच में जुट गए हैं। पुलिस ने झारखंड निवासी आरोपी मार्शल सांगां को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

प्राथमिक जानकारी के अनुसार, रायगढ़ की रहने वाली सुषमा खलखो के पति द्वारा झारखंड से आकर इस खेती को अंजाम दिया जा रहा था। कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी ने बताया कि पूछताछ जारी है और इसके बाद अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी। यह कार्रवाई मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद चल रही सघन जांच के दौरान सामने आई है।
गौरतलब है कि इससे पहले दुर्ग जिले में भी करीब पांच एकड़ जमीन पर अफीम की खेती पकड़ी गई थी, जहां एक भाजपा नेता के खेत में अवैध फसल उगाई जा रही थी। इस मामले में कई आरोपियों की गिरफ्तारी के साथ संबंधित अधिकारी पर भी कार्रवाई की गई थी।
वहीं बलरामपुर जिले में भी दो अलग-अलग स्थानों पर करीब तीन एकड़ जमीन पर अफीम की खेती का खुलासा हुआ था, जिसमें स्थानीय किसानों के साथ झारखंड के लोगों की संलिप्तता सामने आई थी।
लगातार सामने आ रहे इन मामलों के बाद राज्य में अवैध अफीम खेती को लेकर प्रशासन सतर्क हो गया है और जांच अभियान तेज कर दिया गया है।




