रायपुर संभाग

विधानसभा में मैनपाट के अधूरे कामों पर घमासान

विधायक टोप्पो ने पर्यटन मंत्री को घेरा, चेन फेंसिंग और मेंटेनेंस पर उठाए सवाल

रायपुर // ( शिखर दर्शन ) // छत्तीसगढ़ विधानसभा के बजट सत्र के दौरान प्रश्नकाल में मैनपाट के अधूरे कार्यों को लेकर जोरदार बहस देखने को मिली। विधायक रामकुमार टोप्पो ने पर्यटन स्थल मैनपाट में लंबित कार्यों को लेकर पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल को घेरते हुए कई सवाल उठाए।

विधायक टोप्पो ने पूछा कि मैनपाट में कार्य किस फर्म को दिया गया और क्या डीपीआर के अनुसार तय समय में काम पूरा हुआ है। इस पर मंत्री राजेश अग्रवाल ने बताया कि स्वदेश दर्शन योजना के तहत कुल 32 कार्य स्वीकृत थे, जिनका जिम्मा बाहरी कंपनी टीसीआईएल को दिया गया था।

चेन फेंसिंग के अधूरे काम को लेकर विधायक ने कहा कि 95 लाख की लागत वाले इस कार्य में अब तक 30 से 40 लाख का काम अधूरा है, जिससे वहां समस्याएं बनी हुई हैं। इस पर मंत्री ने जवाब दिया कि डीपीआर के अनुसार स्वीकृत कार्य पूरे कर लिए गए हैं, हालांकि कुछ बाहरी कार्य शेष हैं और पानी की कमी के कारण संचालन प्रभावित है।

मामले में आसंदी ने हस्तक्षेप करते हुए सदस्य की उपस्थिति में भौतिक सत्यापन कराने के निर्देश दिए, जिस पर मंत्री ने सहमति जताई।

मेंटेनेंस व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठे। मंत्री ने बताया कि दिसंबर तक टीसीआईएल कंपनी कार्य कर रही थी, लेकिन अब विभाग स्वयं इसकी जिम्मेदारी संभाल रहा है और प्लेसमेंट एजेंसी के माध्यम से दो मैनेजर नियुक्त किए गए हैं।

इस पर विधायक ने खर्च और कार्यप्रणाली को लेकर सवाल खड़े किए और कहा कि हर महीने बड़ी राशि मेंटेनेंस पर खर्च हो रही है। मंत्री ने जवाब में कहा कि पर्यटकों की सुविधा के लिए कुशल कर्मचारियों की जरूरत होती है और स्थानीय लोगों को ही काम पर लगाया गया है।

नेता प्रतिपक्ष चरण दास महंत ने भी मंत्री से सवाल किया कि क्या मंत्री स्वयं मैनपाट गए हैं। इस पर मंत्री ने बताया कि वे हाल ही में आयोजित महोत्सव के दौरान वहां गए थे और सांसद मनोज तिवारी को भी मैनपाट का भ्रमण कराया था।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!