प्रशिक्षु IAS की कार को पिकअप ने मारी टक्कर, आरोपी ड्राइवर गिरफ्तार

हादसे के बाद भाग रहा था चालक, पुलिस जवानों ने दौड़ाकर पकड़ा, नशे में होने की आशंका
बिलासपुर // ( शिखर दर्शन ) // कोटा में पदस्थ एसडीएम अरविंथ कुमारन टी (प्रशिक्षु आईएएस) एक सड़क हादसे में बाल-बाल बच गए। नवरात्रि के अवसर पर रतनपुर स्थित मां महामाया मंदिर से लौटते समय उनकी कार को तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने टक्कर मार दी। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।
घटना रतनपुर बस स्टैंड के पास की है, जहां टक्कर मारने के बाद पिकअप चालक वाहन लेकर भागने लगा। इस दौरान एसडीएम के साथ मौजूद पुलिस जवानों ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी का पीछा कर उसे पकड़ लिया।
जानकारी के मुताबिक, आरोपी ड्राइवर शराब के नशे में था। जवानों ने उसे वाहन समेत रतनपुर पुलिस के हवाले कर दिया है। फिलहाल पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।
बताया जा रहा है कि एसडीएम अरविंथ कुमारन टी नवरात्रि के दौरान मंदिर परिसर की व्यवस्थाओं का निरीक्षण करने पहुंचे थे और वहीं से वापस लौटते समय यह हादसा हुआ।


