छत्तीसगढ़ में बदला मौसम का मिजाज, बारिश और ओलावृष्टि के आसार

येलो-ऑरेंज अलर्ट जारी, अगले तीन दिन तक तेज हवाओं और गरज-चमक की चेतावनी
रायपुर // ( शिखर दर्शन ) //छत्तीसगढ़ में एक बार फिर मौसम ने करवट ले ली है। पश्चिमी विक्षोभ और चक्रवाती परिसंचरण के सक्रिय होने से प्रदेश का मौसम पूरी तरह बदल गया है। राजधानी रायपुर समेत कई इलाकों में बादल छाए हुए हैं और तापमान में गिरावट के साथ ठंडक महसूस की जा रही है।
मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश के कई हिस्सों में अगले 2 से 3 दिनों तक बारिश और ओलावृष्टि की संभावना बनी हुई है। इसे देखते हुए विभाग ने येलो और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। मौसम में इस बदलाव से लोगों को गर्मी से राहत जरूर मिलेगी, लेकिन खराब मौसम के कारण जनजीवन प्रभावित होने की आशंका भी है।
विशेषज्ञों का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ के असर से तेज हवाएं चल सकती हैं और गरज-चमक के साथ बारिश होने के साथ कहीं-कहीं ओलावृष्टि भी हो सकती है। ऐसे में किसानों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है, ताकि फसलों को नुकसान से बचाया जा सके।
मौसम विभाग ने आम लोगों से भी अपील की है कि खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों पर जाने से बचें और तेज हवाओं के समय सुरक्षित स्थानों पर ही रहें। आने वाले दिनों में प्रदेश के मौसम में और उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है।



