रायपुर संभाग

राजधानी में आज हलचल भरा दिन: विधानसभा सत्र, कांग्रेस का प्रदर्शन और धार्मिक आयोजन

सीएम रहेंगे सदन में सक्रिय, चेट्रीचंड शोभायात्रा, मांस बिक्री पर रोक और ट्रेनें भी प्रभावित

रायपुर // शिखर दर्शन राजधानी रायपुर में आज राजनीतिक, सामाजिक और धार्मिक गतिविधियों के चलते दिनभर हलचल बनी रहेगी। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सुबह 11 बजे निवास से विधानसभा के लिए रवाना होंगे और शाम 6 बजे तक सदन की कार्यवाही में शामिल रहेंगे। आज के सत्र में कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा और विधायी कार्य होने की संभावना है।

इसी बीच कांग्रेस पार्टी महंगाई और रसोई गैस सिलेंडर की किल्लत को लेकर आज प्रदर्शन करेगी। सुबह 11:30 बजे घड़ी चौक पर होने वाले इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं के जुटने की संभावना है। पार्टी ने बढ़ती महंगाई और कालाबाजारी को लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ विरोध जताने की बात कही है। प्रशासन ने भी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सतर्कता बढ़ा दी है।

चेट्रीचंड महोत्सव के अवसर पर सिंधी समाज द्वारा भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। लाखेनगर से शुरू होकर यह यात्रा शहर के विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए एमजी रोड पहुंचेगी, जहां सिंधी सेवा महापंचायत की युवा विंग द्वारा स्वागत किया जाएगा। आयोजन में कॉमेडियन कृष्णा अभिषेक सहित अन्य कलाकार भी शामिल होंगे और विशेष आतिशबाजी की जाएगी।

धार्मिक पर्वों को ध्यान में रखते हुए नगर निगम ने 20 मार्च (चेट्रीचंड), 27 मार्च (रामनवमी) और 31 मार्च (महावीर जयंती) को मांस-मटन की बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने का आदेश जारी किया है। इन दिनों नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।

वहीं रेलवे ने जानकारी दी है कि रायपुर मंडल के हथबंद-भाटापारा सेक्शन में तकनीकी कार्य के चलते 21-22 मार्च को 8 मेमू पैसेंजर ट्रेनें रद्द रहेंगी और कुछ ट्रेनों का संचालन आंशिक रूप से किया जाएगा। यात्रियों को पहले से योजना बनाकर यात्रा करने की सलाह दी गई है।

इसके अलावा चैत्र नवरात्र के दूसरे दिन मां ब्रह्मचारिणी की पूजा-अर्चना की जा रही है। राजधानी समेत प्रदेशभर के मंदिरों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी है और भक्त व्रत रखकर माता की भक्ति में लीन हैं। धार्मिक मान्यता के अनुसार इस दिन पूजा करने से संयम, धैर्य और आत्मबल की प्राप्ति होती है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!