जनगणना 2026 की तैयारियां तेज: 1 मई से शुरू होगा पहला चरण, डिजिटल सिस्टम से होगी गणना

डिजिटल सिस्टम और सख्त मॉनिटरिंग के साथ प्रशासन अलर्ट, कलेक्टर खुद कर रहे निगरानी
बिलासपुर / रायपुर // ( शिखर दर्शन ) // आगामी जनगणना को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इस बार जनगणना दो चरणों में पूरी की जाएगी, जिसमें पहले चरण में 1 मई से 30 मई तक मकानों की गणना की जाएगी। इसके बाद दूसरे चरण में सितंबर 2026 से मार्च 2027 तक जनसंख्या की विस्तृत गणना का कार्य किया जाएगा। प्रशासन ने दोनों चरणों के लिए अलग-अलग रणनीति तैयार कर ली है, ताकि प्रक्रिया समयबद्ध और व्यवस्थित तरीके से पूरी हो सके।

इस बार की जनगणना पारंपरिक कागजी प्रक्रिया तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि डिजिटल डेटा कलेक्शन के माध्यम से इसे आधुनिक और पारदर्शी बनाया जाएगा। कलेक्टर ने तैयारियों की समीक्षा करते हुए फील्ड कर्मचारियों के प्रशिक्षण, तकनीकी संसाधनों की उपलब्धता और निगरानी व्यवस्था को मजबूत करने के निर्देश दिए हैं।
लापरवाही पर सख्त रुख
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने स्पष्ट कहा कि जनगणना एक राष्ट्रीय महत्व का कार्य है, जिसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी अधिकारियों को तय समय-सीमा के भीतर कार्य पूरा करने के सख्त निर्देश दिए गए हैं।
जनजागरूकता अभियान होगा तेज
प्रशासन जनगणना को सफल बनाने के लिए जनजागरूकता पर भी विशेष ध्यान दे रहा है। कलेक्टर ने ग्रामीणों से संवाद कर जनगणना के महत्व को समझाया और अधिक से अधिक भागीदारी की अपील की। साथ ही यह भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं कि नागरिकों की व्यक्तिगत जानकारी पूरी तरह गोपनीय रखी जाए।
ट्रेनिंग पूरी, अब मैदान में उतरेंगे कर्मचारी
जिला और तहसील स्तर के अधिकारियों का प्रशिक्षण पूरा हो चुका है। अब 23 मार्च से मैदानी अमले का प्रशिक्षण शुरू होगा। प्रशासन का दावा है कि इस बार जनगणना प्रक्रिया पूरी तरह सुनियोजित, पारदर्शी और तय समय-सीमा के भीतर संपन्न की जाएगी।


