छत्तीसगढ़ विधानसभा: रायपुर संभाग में तीन साल में 510 हत्या, 1885 बलात्कार और 677 बलवा के मामले दर्ज, विधायक पुरंदर मिश्रा के प्रश्न पर गृहमंत्री विजय शर्मा का लिखित जवाब

रायपुर (शिखर दर्शन) // छत्तीसगढ़ विधानसभा के बजट सत्र के 14वें दिन कानून-व्यवस्था को लेकर महत्वपूर्ण आंकड़े सामने आए। प्रश्नकाल के दौरान रायपुर शहर उत्तर से भाजपा विधायक पुरंदर मिश्रा के सवाल पर गृहमंत्री विजय शर्मा ने रायपुर संभाग में दर्ज अपराधों का विस्तृत ब्यौरा सदन में प्रस्तुत किया।
गृहमंत्री के लिखित उत्तर के अनुसार, 1 जनवरी 2023 से 31 दिसंबर 2025 के बीच रायपुर संभाग में हत्या, बलात्कार, बलवा, चोरी और डकैती जैसे गंभीर अपराधों के कुल 9,397 मामले दर्ज किए गए हैं। इनमें सबसे अधिक 6,293 मामले चोरी के सामने आए, जबकि बलात्कार के 1,885, बलवा के 677, हत्या के 510 और डकैती के 32 मामले दर्ज हुए।
आंकड़ों के अनुसार हत्या के 510 मामलों में 478 आरोपियों की गिरफ्तारी हुई और 475 मामलों में चालान पेश किया गया, जबकि 26 मामलों में आरोपियों को दोषमुक्त किया गया है और 347 प्रकरण न्यायालय में लंबित हैं।
वहीं बलात्कार के 1,885 मामलों में 1,832 गिरफ्तारी, 1,862 में आरोप पत्र दाखिल, 255 मामलों में दोषमुक्ति और 1,294 मामले अभी भी न्यायालय में लंबित हैं।
बलवा के 677 मामलों में 614 गिरफ्तारियां हुईं और 615 मामलों में अभियोग पत्र पेश किया गया, जबकि 25 मामलों में आरोपियों को बरी किया गया है और 499 मामले लंबित हैं।
चोरी के 6,293 मामलों में केवल 1,469 आरोपियों की गिरफ्तारी हो सकी है, 1,461 मामलों में चालान पेश हुआ, 40 मामलों में दोषमुक्ति हुई और 1,149 मामले न्यायालय में विचाराधीन हैं।
डकैती के 32 मामलों में 30 आरोपियों की गिरफ्तारी हुई, 35 मामलों में आरोप पत्र दाखिल किए गए, 3 मामलों में दोषमुक्ति हुई और 22 मामले अभी भी न्यायालय में लंबित हैं।
गृहमंत्री विजय शर्मा ने बताया कि इन आंकड़ों के आधार पर प्रदेश में कानून-व्यवस्था की लगातार समीक्षा की जा रही है और अपराध नियंत्रण के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।




