Blog

चैत्र नवरात्रि से हिंदू नववर्ष की शुरुआत, पीएम मोदी ने दी देशवासियों को शुभकामनाएं

चैत्र नवरात्रि, गुड़ी पड़वा, उगादी और चेटी चंद के अवसर पर पीएम मोदी ने देशवासियों को दी शुभकामनाएं, पत्रों के माध्यम से सुख-समृद्धि की कामना जताई

नई दिल्ली (शिखर दर्शन) // आज से चैत्र नवरात्रि के पावन पर्व के साथ हिंदू नववर्ष की शुरुआत हो गई है। देशभर में इस दिन को अलग-अलग नामों और परंपराओं के साथ मनाया जा रहा है, जिसमें गुड़ी पड़वा, उगादी, चेटी चंद, नवरेह और साजिबू चेइराओबा जैसे क्षेत्रीय नववर्ष भी शामिल हैं।

इस शुभ अवसर पर प्रधानमंत्री Narendra Modi ने देशवासियों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने सभी के सुख, सौभाग्य, समृद्धि और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की।

प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर अपने संदेश में कहा कि नवरात्रि शक्ति की आराधना का दिव्य पर्व है, जो जीवन में नई ऊर्जा और सकारात्मकता लेकर आता है। उन्होंने मां दुर्गा से देश के कल्याण और “विकसित भारत” के संकल्प को और मजबूत करने की प्रार्थना की।

नव संवत्सर की शुरुआत पर पीएम मोदी ने कहा कि यह नया वर्ष सभी के जीवन में साहस, आत्मविश्वास और सेवा भावना को सशक्त बनाए। उन्होंने इसे देश निर्माण के प्रयासों को नई दिशा देने वाला बताया।

प्रधानमंत्री ने चैत्र नवरात्रि के अवसर पर उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, बिहार, झारखंड, हिमाचल प्रदेश और दिल्ली के लोगों को पत्र लिखकर शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि नवरात्रि का यह पर्व शक्ति, साधना, त्याग और तितिक्षा का प्रतीक है, जो हमें जीवन में संयम और समर्पण का संदेश देता है।

गुड़ी पड़वा के अवसर पर महाराष्ट्र और गोवा के लोगों को बधाई देते हुए उन्होंने इसे जीत, खुशहाली और नई शुरुआत का प्रतीक बताया। वहीं उगादी के मौके पर कर्नाटक, तेलंगाना और आंध्र प्रदेश के लोगों को शुभकामनाएं देते हुए उन्होंने बसंत ऋतु के आगमन और नई संभावनाओं के स्वागत का संदेश दिया।

प्रधानमंत्री ने कहा कि यह समय नई ऊर्जा, नई उम्मीदों और नई शुरुआत का है, जो देश को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!