छत्तीसगढ़ में बदला मौसम का मिजाज: आंधी, बारिश और ओलावृष्टि का ऑरेंज अलर्ट जारी

रायपुर (शिखर दर्शन) // छत्तीसगढ़ में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। भारत मौसम विज्ञान विभाग के ताजा आंकड़ों के मुताबिक प्रदेश के कई हिस्सों में बुधवार को हल्की से मध्यम बारिश के साथ ओलावृष्टि दर्ज की गई। वहीं गुरुवार के लिए विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी करते हुए चेतावनी दी है कि कई क्षेत्रों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं और वज्रपात की भी आशंका बनी हुई है।
प्रदेश में मौसम के इस बदलाव के चलते लोगों को गर्मी से कुछ राहत जरूर मिली है, लेकिन खराब मौसम ने जनजीवन को प्रभावित भी किया है।
दुर्ग रहा सबसे गर्म, तापमान में आई गिरावट
बुधवार को प्रदेश का सर्वाधिक तापमान दुर्ग में 35.2°C दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान भी यहीं 19.2°C रिकॉर्ड हुआ। राजधानी रायपुर में अधिकतम तापमान 33.6°C रहा, जो सामान्य से 2.2 डिग्री कम है।
अन्य प्रमुख शहरों का तापमान इस प्रकार रहा:
- बिलासपुर: 33.3°C
- जगदलपुर: 30.7°C (सामान्य से 5°C कम)
- अंबिकापुर: 31.7°C
- माना एयरपोर्ट: 33.5°C
कई इलाकों में अच्छी बारिश
पिछले 24 घंटों में मानसून पूर्व गतिविधियों में तेजी देखने को मिली। कई क्षेत्रों में अच्छी वर्षा दर्ज की गई:
- देवभोग: 5 सेमी
- करपावंद: 4 सेमी
- देवकर: 2 सेमी
- बिलासपुर: 8.6 मिमी
इन मौसमी सिस्टम के कारण बदला मौसम
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, प्रदेश में फिलहाल दो प्रमुख सिस्टम सक्रिय हैं। मध्य प्रदेश के मध्य भाग में समुद्र तल से करीब 0.9 किलोमीटर ऊपर चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। इसके साथ ही दक्षिण-पूर्वी राजस्थान से लेकर मध्य प्रदेश होते हुए उत्तरी छत्तीसगढ़ तक एक द्रोणिका (ट्रफ) फैली हुई है, जो नमी ला रही है और बारिश व ओलावृष्टि को बढ़ावा दे रही है।
आज भी सतर्क रहने की जरूरत
आज 19 मार्च को प्रदेश के कई हिस्सों में गरज-चमक, आंधी और ओलावृष्टि की संभावना बनी हुई है। राजधानी रायपुर में आकाश आंशिक रूप से मेघमय रहेगा और कहीं-कहीं हल्की वर्षा या छींटे पड़ सकते हैं। अधिकतम तापमान करीब 34°C और न्यूनतम 24°C के आसपास रहने का अनुमान है।
गर्मी से मिलेगी राहत
अच्छी खबर यह है कि अगले पांच दिनों तक अधिकतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट बनी रह सकती है। इससे भीषण गर्मी से फिलहाल राहत मिलने के आसार हैं, हालांकि बदलते मौसम के बीच लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

