नव संवत्सर 2083 का उल्लास: चैत्र नवरात्रि के पहले दिन मंदिरों में उमड़ा जनसैलाब

भोपाल (शिखर दर्शन)। चैत्र नवरात्रि के पावन पर्व की आज से शुरुआत हो गई है। पहले ही दिन राजधानी भोपाल के मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली। सुबह से ही “जय माता दी” के जयकारों से पूरा शहर भक्तिमय माहौल में डूबा नजर आया। नवरात्रि के प्रथम दिवस पर माता शैलपुत्री की विशेष पूजा-अर्चना की जाती है, जिन्हें शक्ति और स्थिरता का प्रतीक माना जाता है।
गुड़ी पड़वा और नव संवत्सर का भव्य स्वागत
चैत्र शुक्ल प्रतिपदा के अवसर पर गुड़ी पड़वा के साथ ही विक्रम संवत 2083 का भी शुभारंभ हुआ। शहर के प्रमुख मंदिरों में विशेष पूजन, अनुष्ठान और धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए गए, जहां बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने नववर्ष का स्वागत किया।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने दी शुभकामनाएं
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने हिंदू नववर्ष और चैत्र नवरात्रि की प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने नव संवत्सर को नव ऊर्जा और समृद्धि का प्रतीक बताते हुए मां दुर्गा से सभी के लिए सुख-शांति की कामना की।
सीएम का व्यस्त दौरा: भोपाल से इंदौर-उज्जैन तक कार्यक्रम
मुख्यमंत्री आज इंदौर और उज्जैन के दौरे पर रहेंगे। वे भोपाल में कार्यक्रमों में शामिल होने के बाद इंदौर में जल गंगा संवर्धन अभियान की शुरुआत करेंगे और उज्जैन में विक्रमोत्सव 2026 सहित विभिन्न आयोजनों में भाग लेंगे।
सुप्रीम कोर्ट में अहम सुनवाई
श्योपुर जिले की विजयपुर सीट से कांग्रेस विधायक मुकेश मल्होत्रा के निर्वाचन को लेकर आज सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई होगी। इस मामले में बड़ा फैसला आने की संभावना है।
त्योहारों पर मांस बिक्री पर प्रतिबंध
नगर निगम ने रामनवमी, महावीर जयंती जैसे पर्वों पर मांस बिक्री पर प्रतिबंध लगाने के निर्देश जारी किए हैं।
पुलिस विभाग अलर्ट
त्योहारों को देखते हुए पुलिस विभाग में छुट्टियों पर रोक लगा दी गई है। प्रशासन ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए यह कदम उठाया है।


