राज्यपाल पहुंचे रतनपुर मां महामाया मंदिर , दर्शन कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि और खुशहाली की किए कामना !

जनजातीय परिवारों से मिले राज्यपाल, तीरंदाज खिलाड़ियों को प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा
बिलासपुर (शिखर दर्शन) // बिलासपुर प्रवास के दौरान छत्तीसगढ़ के राज्यपाल रमेन डेका ने कोटा विकासखंड के शिवतराई गांव पहुंचकर जनजातीय परिवारों से मुलाकात की और उनसे संवाद किया। इस दौरान उन्होंने बैगा और बिहोर जनजाति के लोगों की पारंपरिक जीवनशैली, संस्कृति और उन्हें मिल रहे शासकीय योजनाओं के लाभ की जानकारी ली।
गांव में मौजूद तीरंदाजी खिलाड़ियों से मुलाकात के दौरान राज्यपाल ने उनका उत्साहवर्धन करते हुए प्रत्येक खिलाड़ी को 5-5 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा की। साथ ही खिलाड़ियों को रायपुर स्थित लोकभवन आने का निमंत्रण भी दिया।
राज्यपाल ने स्वसहायता समूह से जुड़ी महिलाओं के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि बैगा और बिहोर समाज की समृद्ध परंपरा और संस्कृति उनकी पहचान है, इसलिए इसे सहेजकर रखना बेहद जरूरी है। उन्होंने यह भी कहा कि जनजातीय समुदाय के लोगों को बांस से बने उत्पाद और पारंपरिक आभूषण बनाने के लिए प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जाएगा, ताकि उन्हें स्वरोजगार के बेहतर अवसर मिल सकें।
अपने प्रवास के दौरान राज्यपाल रमेन डेका रतनपुर भी पहुंचे, जहां उन्होंने मां महामाया मंदिर में दर्शन कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। मंदिर परिसर में मंदिर समिति के पदाधिकारियों और श्रद्धालुओं ने उनका आत्मीय स्वागत किया।

इस अवसर पर नगर पालिका परिषद अध्यक्ष लवकुश कश्यप, दुर्गा कश्यप, ज्वाला कौशिक, कलेक्टर संजय अग्रवाल, एसएसपी रजनेश सिंह, कोटा एसडीएम नितिन तिवारी, एसडीओपी नूपुर उपाध्याय, रतनपुर तहसीलदार शिल्पा भगत, थाना प्रभारी निलेश पांडे, संतोष शुक्ला, शैलेन्द्र जायसवाल, ओमप्रकाश तिवारी सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी और मंदिर समिति के पदाधिकारी उपस्थित रहे।



